☰
×

बेकर-डॉसन की शानदार गेंदबाजी, डकेट का शतक, तीसरे वनडे में जीत के साथ इंग्लैंड ने 2-1 से जमाया सीरीज पर कब्जा

 

होबार्ट, 18 नवंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को तीसरे वनडे मुकाबले में 97 रनों से हराया। इंग्लैंड से मिले 329 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 46.5 ओवर में 231 रन बनाकर ऑलआउट हुई।

इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने तीन मैचों की वनडे सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान मिचेल मार्श महज एक रन बनाकर आउट हुए। वहीं, ट्रेविस हेड 4 रन ही बना सके। जोश इंग्लिस 14 रन बनाने के बाद सोनी बेकर का शिकार बने। 34 के स्कोर पर 3 विकेट खोकर मुश्किल में नजर आ रही कंगारू टीम की पारी को एलेक्स कैरी और मैट रेनशॉ ने संभाला। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 74 रन जोड़े।

कैरी 37 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, रेनशॉ ने अपना अर्धशतक पूरा किया और वह 70 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 55 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कूपर कोनोली ने 29 रनों का योगदान दिया, जबकि जैक एवर्ड्स ने 31 रन बनाए। जेवियर बार्टलेट 16 रन बनाकर आउट हुए। स्पेंसर जॉनसन 15 रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में सोनी बेकर ने 45 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि लियाम डॉसन ने 42 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।

इससे पहले, इंग्लैंड को टॉम बैंटन और बेन डकेट ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 74 रन जोड़े। बैंटन 35 गेंदों में 44 रन बनाकर आउट हुए। जो रूट बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 12 रन बनाकर मैट रेनशॉ का शिकार बने। कप्तान हैरी ब्रूक 17 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जॉर्डन कॉक्स 12 रन ही बना सके।

बैटिंग ऑर्डर में प्रमोट किए गए जोफ्रा आर्चर 7 रन बनाकर ट्रेविस हेड की गेंद को जैक एडवर्ड्स के हाथों में मार बैठे। सैम करन ने 19 रन बनाए, तो गस एटकिंसन 10 रन बनाकर आउट हुए। अंत के ओवरों में विल जैक्स ने शानदार बल्लेबाजी की और उन्होंने 48 गेंदों में 4 चौके और एक छक्के की मदद से 59 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से गेंदबाजी में जैक एडवर्ड्स ने 5.3 ओवर में 31 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि मैट रेनशॉ ने 51 रन देकर 3 विकेट झटके।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी