ऑस्ट्रेलियाई उप-प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स ने विराट कोहली को सराहा, कहा- वो ऑस्ट्रेलिया में एक बड़ा नाम हैं
नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स ने दिग्गज भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली को ऑस्ट्रेलिया में एक बड़ा नाम बताया है। 'मनोबल' कार्यक्रम में अपनी भागीदारी के दौरान मार्ल्स ने दिग्गज भारतीय क्रिकेटर कपिल देव की प्रशंसा करते हुए भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच मजबूत संबंधों पर प्रकाश डाला।
मार्ल्स ने कहा, "महान कपिल देव के बगल में खड़े होना बेहद रोमांचक है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच संबंध उच्च स्तर पर हैं। जीवन के प्रति हमारा साझा जुनून क्रिकेट के प्रति हमारे जुनून में समाहित है।"
इसके साथ ही रिचर्ड मार्ल्स ने 'रन-मशीन' विराट कोहली की तारीफ में कहा, "इस समय कोहली ऑस्ट्रेलिया में एक बड़ा नाम हैं, लेकिन जब मैं बड़ा हो रहा था, तब भारतीय क्रिकेट कप्तान बिशन सिंह बेदी, उस दौर में महान नाम थे। क्रिकेट को लेकर दोनों देशों में समान रुचि है। आधुनिक दुनिया का नेतृत्व करने के तरीके में भी चुनौतियां समान हैं।"
इसके साथ ही मार्ल्स ने आईपीएल में विराट कोहली की मैच जिताऊ पारी की तारीफ करते हुए ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स जोश हेजलवुड और टिम डेविड के योगदान को भी सराहा है। ये दोनों ही ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी आईपीएल 2026 में आरसीबी के अभियान की हिस्सा थे।
रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में गुजरात टाइटंस को 155/8 के स्कोर पर रोकने के बाद आरसीबी ने 18 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस मैच में विराट कोहली ने 42 गेंदों में 3 छक्कों और 9 चौकों के साथ 75 रन की नाबाद पारी खेली। टिम डेविड ने 17 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 24 रन बनाए। वहीं, जोश हेजलवुड ने 4 ओवरों में 37 रन देकर 2 विकेट निकाले।
मार्ल्स ने कहा, "बीती रात आरसीबी ने जीत हासिल की। विराट कोहली 75 रन बनाकर नाबाद रहे और उन्हें 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया। मुझे यह बात पसंद आई कि उनके साथ जोश हेजलवुड और टिम डेविड भी थे। बीती रात आरसीबी की आईपीएल जीत में भी भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों की साफ झलक नजर आई।"
इसके साथ ही रिचर्ड मार्ल्स ने एक सामुदायिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जिसमें भारतीय क्रिकेट के दिग्गज कपिल देव द्वारा स्थापित गैर-सरकारी संगठन 'खुशी' के साथ ऑस्ट्रेलिया की विकास साझेदारी का जश्न मनाया गया। इस कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलियाई उप-प्रधानमंत्री और कपिल देव को बच्चों के साथ बातचीत करते और क्रिकेट खेलते नजर आए।
--आईएएनएस
आरएसजी