ऑस्ट्रेलिया को झटका, शेफील्ड शील्ड मैच से बाहर हुए कैमरून ग्रीन; जानिए कब तक फिट होने की उम्मीद?
नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन सिर में चोट (कनकशन) लगने के कारण तस्मानिया के खिलाफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के अगले शेफील्ड शील्ड मैच में नहीं खेल पाएंगे। हालांकि, राहत की बात यह है कि उनकी चोट ज्यादा गंभीर नहीं मानी जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि ग्रीन 9 दिसंबर से पर्थ में न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे।
होबार्ट में इंग्लैंड के विरुद्ध आखिरी वनडे मैच के दौरान, तेज गेंदबाज गस एटकिंसन की एक गेंद ग्रीन के हेलमेट पर लगी थी। उस समय ऑस्ट्रेलिया 329 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी और ग्रीन छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। हालांकि, 10 गेंदों में महज 3 रन बनाकर आउट हो गए। 'कनकशन सब्स्टिट्यूट' नियम के तहत उनकी जगह ओलिवर पीक को टीम में शामिल किया गया।
'क्रिकइन्फो' के अनुसार, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने पुष्टि की है कि ग्रीन की सेहत में सुधार हो रहा है और वह 'कनकशन प्रोटोकॉल' से गुजरेंगे। इस प्रक्रिया के कारण वह सोमवार को होने वाले शेफील्ड शील्ड मैच में नहीं खेल पाएंगे, लेकिन मेडिकल टीम को उम्मीद है कि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध रहेंगे।
यह चोट ग्रीन की टेस्ट सीरीज की तैयारियों के एक अहम पड़ाव पर लगी है। उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की टी20 सीरीज से आराम दिया गया था ताकि वह शेफील्ड शील्ड मैच खेल सकें और न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले उन्हें अच्छी मैच प्रैक्टिस मिल सके।
हाल के समय में लगी चोटों ने ग्रीन की गेंदबाजी की तैयारियों को भी प्रभावित किया है। अगस्त में डार्विन में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैच के बाद से उन्होंने किसी भी अंतरराष्ट्रीय मैच में गेंदबाजी नहीं की है। इससे पहले कंधे की समस्या के कारण दक्षिण अफ्रीका दौरे की उनकी तैयारियां बाधित हुई थीं, जिसकी वजह से उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर होना पड़ा था।
हालांकि, साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे मुकाबलों के लिए वह टीम में लौटे, लेकिन गेंदबाजी नहीं कर सके। इसके बाद, पॉचेफस्ट्रूम में तीसरे वनडे के दौरान उनके पेट के निचले हिस्से में खिंचाव आ गया, जिसके कारण वह सीरीज के पहले दो टेस्ट मुकाबलों से बाहर हो गए। तीसरे टेस्ट में वह केवल एक बल्लेबाज के तौर पर खेले।
इंग्लैंड के खिलाफ भी उन्होंने तीनों वनडे मैच खेले, लेकिन गेंदबाजी नहीं की, जबकि ट्रेनिंग सेशन के दौरान वह अपने गेंदबाजी वर्कलोड पर काम कर रहे थे। शेफील्ड शील्ड के पांचवें दौर के खत्म होने के बाद, अगले हफ्ते ऑस्ट्रेलिया द्वारा न्यूजीलैंड सीरीज के लिए अपनी टेस्ट टीम की घोषणा किए जाने की उम्मीद है।
--आईएएनएस
आरएसजी