×

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज डेमियन मार्टिन अस्पताल में भर्ती, मेनिनजाइटिस से जूझ रहे

 

नई दिल्ली, 31 दिसंबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज डेमियन मार्टिन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह मेनिनजाइटिस (दिमागी बुखार) से जूझ रहे हैं। 54 साल के मार्टिन बॉक्सिंग डे पर बीमार पड़ गए थे। मार्टिन अभी इंड्यूस्ड कोमा में हैं।

डेमियन मार्टिन के करीबी दोस्त और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने उनकी बीमारी की पुष्टि की है। मार्टिन की स्थिति चिंताजनक है और उनके साथ खिलाड़ी उनके स्वस्थ होने के लिए दुआ कर रहे हैं।

गिलक्रिस्ट ने न्यूज कॉर्प से कहा कि उन्हें सबसे अच्छा इलाज मिल रहा है। अमांडा और उनके परिवार को पता है कि बहुत से लोग उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं और शुभकामनाएं भेज रहे हैं।

पूर्व बल्लेबाज डैरेन लेहमैन ने एक्स पर लिखा, डेमियन मार्टिन के लिए ढेर सारा प्यार और दुआएं। मजबूत और फाइटिंग लेजेंड बने रहो। परिवार को प्यार।

डेमियन मार्टिन की गिनती ऑस्ट्रेलिया के लिए खेले बेहतरीन बल्लेबाजों में होती है। वह मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते थे और अपने बेहतरीन स्ट्रोकप्ले के लिए जाने जाते थे। वनडे विश्व कप 2003 के फाइनल में भारत के खिलाफ उनकी नाबाद 88 रन की पारी उनके करियर की यादगार पारियों में एक है। इस पारी ने ऑस्ट्रेलिया को विश्व विजेता बनाने में यादगार भूमिका निभाई थी।

54 साल के डेमियन मार्टिन ने 1992 से 2006 तक ऑस्ट्रेलिया के लिए 67 टेस्ट खेले। वे स्टीव वॉ की टीम के अहम खिलाड़ी बन गए। 2006 में उन्होंने संन्यास लिया था। टेस्ट में उन्होंने 46.37 की औसत से 13 शतक लगाते हुए 4,406 रन बनाए। 208 वनडे की 182 पारियों में 4 शतक और 37 अर्धशतक लगाते हुए उन्होंने 40.80 की औसत से 5,346 रन बनाए। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद था। 4 टी20 मैचों में उन्होंने 120 रन बनाए। सर्वाधिक स्कोर 96 रन था।

संन्यास के बाद मार्टिन कुछ समय के लिए बतौर कमेंटेटर नजर आए थे।

--आईएएनएस

पीएके