☰
×

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए साउथ अफ्रीका ने किया 17 सदस्यीय टीम का ऐलान, स्टब्स की जगह ब्रीट्जके को मौका

 

गकेबेर्हा, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए 17 खिलाड़ियों की टीम की घोषणा की है। पहले टेस्ट के मुकाबले इसमें केवल एक बदलाव किया गया है। ट्रिस्टन स्टब्स की जगह मैथ्यू ब्रीट्जके को टीम में शामिल किया गया है, जबकि विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी रयान रिकेलटन संभालेंगे।

पहले टेस्ट में स्टब्स का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और वह पहली पारी में सिर्फ 32 और दूसरी इनिंग में 1 रन ही बना पाए थे। वहीं, ब्रीट्जके ने अब तक साउथ अफ्रीका के लिए केवल दो टेस्ट मैच खेले हैं। उन्होंने अक्टूबर 2024 में बांग्लादेश और जुलाई 2025 में जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट खेला, जिनमें वह कुल 14 रन ही बना सके हैं। हालांकि, सीमित ओवरों के क्रिकेट में उनकी फॉर्म शानदार रही है। हाल ही में उन्होंने डरबन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में बेहतरीन शतक लगाया था।

साउथ अफ्रीका के मुख्य कोच शुकरी कॉनराड ने कहा कि ब्रीट्जके की हालिया फॉर्म और उनका स्वभाव उनके पक्ष में रहा है। क्रिकेट साउथ अफ्रीका द्वारा अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में कॉनराड ने कहा, "ब्रीट्जके पहले भी टीम का हिस्सा रहे हैं। उनकी शानदार वनडे फॉर्म ने उन्हें दूसरों से आगे रखा। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि ब्रीट्जके का रवैया और उनका चरित्र बहुत अच्छा है। चूंकि अब रयान रिकेलटन विकेटकीपिंग करेंगे, इसलिए यह तय करना होगा कि क्या वह बल्लेबाजी क्रम में नीचे आएंगे या फिर पहले की तरह पारी की शुरुआत (ओपनिंग) करना जारी रखेंगे।"

क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने यह भी बताया कि टोनी डी जोर्जी को चयन के लिए नहीं चुना गया, क्योंकि वह अभी भी अपनी बाईं हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे हैं। इस बीच, तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा की प्लेइंग इलेवन में वापसी की उम्मीद है। हैमस्ट्रिंग की हल्की चोट के कारण वह डरबन में खेले गए पहले मैच से बाहर थे। साउथ अफ्रीका ने अपनी 17 सदस्यीय टीम के बाकी खिलाड़ियों को बरकरार रखा है। तेज गेंदबाजी विकल्पों में एनरिक नॉर्टजे, मार्को जानसेन, वियान मुल्डर, गेराल्ड कोएत्जी, डेन पैटरसन और कॉर्बिन बॉश भी शामिल हैं। दूसरा टेस्ट रविवार से शुरू होगा, जिसमें साउथ अफ्रीका पहले मैच में मिली हार के बाद जोरदार वापसी करने की कोशिश करेगा।

दूसरे टेस्ट के लिए साउथ अफ्रीका की 17 सदस्यीय टीम: टेम्बा बावुमा (कप्तान), मार्केस एकरमैन, डेविड बेडिंगहैम, मैथ्यू ब्रीट्जके, कॉर्बिन बॉश, गेराल्ड कोएत्जी, साइमन हार्मर, मार्को जानसन, केशव महाराज, एडेन मार्कराम, वियान मुल्डर, सेनुरन मुथुसामी, एनरिक नॉर्टजे, डेन पैटरसन, कगिसो रबाडा, रयान रिकेलटन (विकेटकीपर) और काइल वेरिन।

--आईएएनएस

एसएम/पीएम