अस्पताल से डिस्चार्ज होने के एक दिन बाद 19 वर्षीय खिलाड़ी की जीत, वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई
नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। 19 वर्षीय ब्रिटिश खिलाड़ी स्टैन मूडी टॉन्सिलाइटिस के इलाज के लिए भर्ती थे। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के एक दिन बाद उन्होंने चीन के जियांग जून को हराकर पहली बार वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। मूडी साल 2007 में जड ट्रंप के बाद क्रूसिबल में खेलने वाले पहले ब्रिटिश टीनएजर होंगे।
स्टैन मूडी ने आखिरी फ्रेम में शानदार सेंचुरी बनाकर जियांग जून को 10-9 से हराया। 6-5 से पिछड़ रहे नंबर-44 मूडी ने 71, 70, 113 और 127 के स्कोर बनाकर 9-8 की बढ़त हासिल की। इसके बाद 18वें फ्रेम में उन्होंने मैच जीतने का मौका गंवा दिया, लेकिन निर्णायक फ्रेम में शानदार 104 का स्कोर बनाकर अपनी गलती सुधार ली।
मूडी की यह जीत इसलिए भी ज्यादा अहम है, क्योंकि पिछली रात ही वह टॉन्सिलाइटिस के कारण अस्पताल में भर्ती थे। इसके बावजूद उन्होंने खुद को डिस्चार्ज करवाया और शारीरिक तकलीफ के बावजूद खेलते हुए इस सबसे बड़े मंच पर अपनी जगह सुनिश्चित की।
वर्ल्ड स्नूकर ने मूडी के हवाले से बताया, "डॉक्टर्स ने मुझसे कहा, 'हम जानते हैं कि आप मना करोगे, लेकिन हम चाहते हैं कि आप अस्पताल में ही रुको।' मैंने मना कर दिया और कहा कि मुझे एक मैच खेलना है। मुझे खुशी है कि मैंने ऐसा ही किया। उन्होंने मुझे कुछ एंटीबायोटिक्स और दूसरी दवाएं दीं। मैं अब वहां वापस नहीं जाऊंगा, मुझे वह जगह बिल्कुल पसंद नहीं है। मैच के आखिर में, मैंने अपनी जिंदगी में कभी इतना दबाव महसूस नहीं किया था। मैं इस जीत से बहुत खुश हूं। जब से मैंने खेलना शुरू किया है, यह मेरा सपना रहा है।"
एंटोनी कोवाल्स्की, लियाम पुलेन और मूडी के अलावा, इन दोनों खिलाड़ियों ने भी वर्ल्ड चैंपियनशिप के अंतिम क्वालीफाइंग राउंड में शानदार जीत दर्ज कर पहली बार क्रूसिबल में जगह बनाई। ये तीनों खिलाड़ी शेफील्ड में होने वाले 'थिएटर ऑफ ड्रीम्स' (क्रूसिबल) में होने वाले मुकाबलों के लिए रवाना हो गए हैं। ये मैच शनिवार से शुरू होंगे।
कोवाल्स्की ने अपने करियर के सबसे बड़े मुकाबले में जेमी जोन्स को 10-8 से हराया और क्रूसिबल पहुंचने वाले पहले पोलिश खिलाड़ी बने। इस जीत के साथ उन्होंने टूर में अपनी जगह भी पक्की कर ली। वहीं, 20 वर्षीय पुलेन ने नोप्पोन सैंगखाम को 10-8 से मात दी। इस मुकाबले में उन्होंने 131 और 105 के शानदार ब्रेक लगाए।
--आईएएनएस
आरएसजी