×

एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप: भारत ने अंडर-23 पुरुष फाइनल में दो गोल्ड और एक सिल्वर जीता, अंडर-19 में सिल्वर के साथ सफर समाप्त

 

जकार्ता, 16 जुलाई (आईएएनएस)। एशियन अंडर-19 और अंडर-23 बॉक्सिंग चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में भारत ने गुरुवार को शानदार प्रदर्शन के साथ अपना सफर खत्म किया। भारत ने अंडर-23 में 2 गोल्ड और 1 सिल्वर मेडल जीता, जबकि अंडर-19 बॉक्सरों ने 2 सिल्वर मेडल हासिल किए।

इंडोनेशिया के जकार्ता में अंडर-23 पुरुष फाइनल में, भारत ने दो गोल्ड मेडल जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। 50 किलोग्राम वर्ग में विश्वनाथ सुरेश ने जापान के दाइची इवाई को 3:2 से शिकस्त देकर गोल्ड मेडल जीता। इनके अलावा, गंगा (55 किलोग्राम) ने कजाकिस्तान के बेक्सुलतान बोरानबेक को 3:2 के स्प्लिट फैसले से हराकर गोल्ड हासिल किया। 65 किलोग्राम वर्ग में वंशज ने बहादुरी दिखाई, लेकिन उन्हें उज्बेकिस्तान के इल्खोमजोन एर्गाशेव के हाथों 1:4 से मैच गंवाकर सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।

अंडर-19 पुरुष फाइनल में, भारतीय बॉक्सरों ने जबरदस्त कोशिश की, लेकिन सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा। 65 किलोग्राम वर्ग में आदित्य उज्बेकिस्तान के एल्योर रुस्तमोव से 5:0 से हार गए, जबकि 90 किलोग्राम वर्ग में शुभम राजपूत को उज्बेकिस्तान के असदबेक सुल्तानबोएव के हाथों 0:5 से शिकस्त झेलनी पड़ी।

इससे पहले, भारत ने बुधवार को जकार्ता, इंडोनेशिया में हुए फाइनल में एशियन अंडर-19 और अंडर-23 बॉक्सिंग चैंपियनशिप के महिला वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 और अंडर-23 श्रेणी में कुल 5 गोल्ड, 10 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल जीते थे।

अंडर-19 विमेंस श्रेणी में, भारत ने 2 गोल्ड और 6 सिल्वर मेडल हासिल किए। 51 किलोग्राम वर्ग में चंद्रिका भोरेस पुजारी ने उज्बेकिस्तान की नाजोकत मारडोनोवा पर 5:0 से जीत हासिल करते हुए गोल्ड मेडल जीता, जबकि प्राची ने भी इंडोनेशिया की दिरा आर्टिका पर शानदार जीत के साथ गोल्ड मेडल हासिल किया। अंडर-23 महिला कैटेगरी में भारत ने 1 गोल्ड, 4 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।

निशा (54 किलोग्राम) ने जापान की कोइन कोकुफू के खिलाफ 5:0 से जबरदस्त जीत हासिल करके गोल्ड मेडल जीता। इस कैटेगरी में भारत के अन्य गोल्ड मेडल विजेताओं ने भी अपना शानदार फॉर्म जारी रखा और शीर्ष पर रहे।

--आईएएनएस

आरएसजी