एशियन पैरा गेम्स: महिला कर्मचारी से छेड़छाड़ के आरोप में भारतीय तैराक को वापस भेजा गया
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। जापान के आइची-नागोया में आयोजित हो रहे एशियन पैरा गेम्स-2026 में हिस्सा लेने पहुंचे भारतीय पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख को होटल की एक महिला कर्मचारी के साथ छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के आरोप में भारत वापस भेज दिया गया है।
शम्स को बुधवार को 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक इवेंट में हिस्सा लेना था। लेकिन, सोमवार को फोर पॉइंट्स बाय शेरेटन होटल में यह घटना हुई। नेपाली मूल की एक महिला हाउसकीपिंग स्टाफ ने शिकायत की कि शम्स ने उन्हें गलत तरीके से छूने और टटोलने की कोशिश की। इसके बाद महिला कमरे से बाहर भागी और अपने सीनियर से शिकायत की। घटना के तुरंत बाद आलम को जापान की पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके बाद शम्स को भारत भेजने का फैसला पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया (पीसीआई) ने लिया।
घटना के बाद पीसीआई शम्स पर आजीवन प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रही है। अगर ऐसा होता है, तो 40 वर्षीय इस तैराक का करियर समाप्त हो सकता है। खेलों के बाद मामले की समीक्षा की जाएगी और उसके बाद औपचारिक निर्णय लिया जा सकता है। किसी फैसले से पहले पीसीआई मोहम्मद शम्स आलम शेख का पक्ष सुनेगी।
जानकारी के मुताबिक, होटल और आयोजकों ने भारत द्वारा शेख पर की जाने वाली कार्रवाई की जानकारी मांगी है। पैरा-तैराक को मिलने वाली सजा के आधार पर, जापान के अधिकारी और होटल प्रबंधन आगे की कार्रवाई तय करेंगे।
बिहार के रहने वाले मोहम्मद शम्स आलम शेख पुरुषों की 100 मीटर बटरफ्लाई (एस5) और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक (एसबी4) स्पर्धाओं में पूर्व विश्व नंबर 1 रह चुके हैं। शेख ने 2018 में जकार्ता में हुए एशियन पैरा गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। वहां उन्होंने 200 मीटर और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धाओं में गोल्ड मेडल जीते थे। इसके अलावा, 2025 में रेक्याविक इंटरनेशनल गेम्स में उन्होंने 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में गोल्ड जीता था।
--आईएएनएस
पीएके