एशियन पैरा गेम्स 2026: सुमित, अवनि सहित इन 15 एथलीटों से है स्वर्ण पदक की उम्मीद
नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 के बाद जापान का आइची-नागोया एशियन पैरा गेम्स का आयोजन करने जा रहा है। इसकी शुरुआत आधिकारिक रूप से रविवार से हो रही है। एशियन पैरा गेम्स का यह पांचवां संस्करण है और जापान पहली बार इन खेलों की मेजबानी कर रहा है। इवेंट 18 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक चलेगा और इसमें 45 देशों के करीब 3,000 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं।
एशियन पैरा गेम्स का पहला संस्करण ग्वांगझू (चीन) में 2010 में हुआ था। भारतीय दल ने 14 पदक जीते थे। इंचियोन (दक्षिण कोरिया) में 2014 में हुए दूसरे संस्करण में भारतीय दल ने 33 पदक जीते थे। तीसरा संस्करण इंडोनेशिया के जकार्ता में 2018 में हुआ था। भारतीय दल ने 72 पदक जीते थे। हांगझोऊ (चीन) में 2023 में हुए चौथे संस्करण में भारतीय दल ने 111 पदक जीते थे, जिसमें 29 गोल्ड और 31 सिल्वर पदक थे।
भारतीय दल ने हर संस्करण में पहले से बेहतर प्रदर्शन किया है। जापान में हो रहे एशियन पैरा गेम्स के पांचवें संस्करण में भारतीय दल की कोशिश अपने पिछले संस्करण के प्रदर्शन को पीछे छोड़ने और नया रिकॉर्ड बनाने की होगी।
एशियन पैरा गेम्स में भारत ने 168 एथलीटों का दल भेजा है। इसमें 112 पुरुष और 56 महिलाएं हैं। ये पैरा एथलीट 11 अलग-अलग खेलों में हिस्सा लेंगे। बैडमिंटन स्टार प्रमोद भगत और धावक सिमरन शर्मा भारतीय दल के ध्वजवाहक होंगे।
168 सदस्यीय दल में 15 ऐसे एथलीट हैं जिनके स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद है। इसमें लगातार दो पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने और विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले सुमित अंतिल (भाला फेंक), पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीत चुकीं अवनि लेखरा (निशानेबाजी), विश्व चैंपियन और पैरालंपिक पदक विजेता शीतल देवी (तीरंदाजी), पेरिस पैरालंपिक 2024 में स्वर्ण पदक जीतने वाले हरविंदर सिंह (रिकर्व तीरंदाजी), टोक्यो पैरालंपिक में रजत पदक और राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुकीं भाविना पटेल (टेबल टेनिस), टोक्यो पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता और कई बार के विश्व चैंपियन प्रमोद भगत (बैडमिंटन), पैरालंपिक रजत पदक विजेता और पूर्व विश्व नंबर एक सुहास एल यतिराज (बैडमिंटन), पेरिस पैरालंपिक 2024 के स्वर्ण पदक विजेता निशात कुमार (बैडमिंटन), विश्व चैंपियन और पैरालंपिक पदक विजेता सिमरन शर्मा (स्प्रिंट स्पर्धा), पैरालंपिक में दो कांस्य पदक जीत चुकीं प्रीति पाल (दौड़), लगातार दो पैरालंपिक रजत पदक जीत चुके निषाद कुमार (ऊंची कूद), पेरिस पैरालंपिक 2024 में स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रवीण कुमार (ऊंची कूद), पैरालंपिक में रजत और कांस्य पदक जीत चुके शरद कुमार (ऊंची कूद), पेरिस पैरालंपिक 2024 के रजत पदक विजेता अजीत सिंह (भाला फेंक), पेरिस पैरालंपिक 2024 के स्वर्ण पदक विजेता और एशियाई रिकॉर्ड धारक धरमबीर (क्लब थ्रो) का नाम शामिल है।
--आईएएनएस
पीएके