Asian Games Opening Ceremony: एशियन गेम्स में मनु भाकर और पवन सहरावत बने भारत के ध्वजवाहक, जानें डिटेल्स
जापान के नागोया शहर में 20वें एशियन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी के साथ एशिया के सबसे बड़े खेल आयोजनों में से एक की शानदार शुरुआत हो गई। पालोमा मिजुहो स्टेडियम में आयोजित समारोह में अलग-अलग देशों के खिलाड़ी अपने-अपने राष्ट्रीय ध्वज के साथ मार्च पास्ट में शामिल हुए।
भारत की ओर से स्टार शूटर मनु भाकर और सीनियर कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत ने ध्वजवाहक की भूमिका निभाई। दोनों खिलाड़ियों ने तिरंगा थामकर भारतीय दल की अगुआई की। भारतीय टीम मार्च पास्ट में 10वें नंबर पर स्टेडियम में दाखिल हुई।ओपनिंग सेरेमनी की शुरुआत जापानी संगीतकार तारो हाकासे की वायलिन प्रस्तुति से हुई। इसके बाद अभिनेत्री कीको टोडा ने जापान का राष्ट्रगान गाया। समारोह में जापानी संस्कृति की झलक भी देखने को मिली और कई कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।
मार्च पास्ट में कुल 45 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अफगानिस्तान के दल की एंट्री के साथ परेड की शुरुआत हुई, जबकि मेजबान जापान के खिलाड़ियों के स्टेडियम में पहुंचने के साथ मार्च पास्ट का समापन हुआ।
इस बार एशियन गेम्स में 43 खेलों के 469 मेडल इवेंट आयोजित किए जा रहे हैं। क्रिकेट और टेकबॉल जैसे खेलों में मुकाबले शुरू भी हो चुके हैं। भारत ने पिछले एशियन गेम्स में 107 मेडल जीतकर अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था, जिसमें 28 गोल्ड मेडल शामिल थे।
इस बार भारतीय दल पिछले गेम्स की तुलना में छोटा है, लेकिन शूटिंग, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, कुश्ती, क्रिकेट और वेटलिफ्टिंग समेत कई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।ओपनिंग सेरेमनी में भारतीय खिलाड़ियों ने तिरंगे के साथ अपनी मौजूदगी दर्ज कराई और अब नजरें मेडल मुकाबलों पर हैं। आने वाले दिनों में भारतीय खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में पदक के लिए मैदान में उतरेंगे।