☰
×

एशियन गेम्स 2026 में दमदार प्रदर्शन करके स्वदेश लौटी भारतीय शूटिंग टीम, परिनाज बोलीं- खुश हूं कि दो मेडल जीत पाई

 

नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करके भारतीय शूटिंग टीम शुक्रवार को स्वदेश लौटी। दिल्ली एयरपोर्ट पर टीम का भव्य स्वागत हुआ। परिनाज कौर धालीवाल ने कहा कि वह बहुत खुश है कि वह देश के लिए दो मेडल लेकर आ सकीं।

एशियन गेम्स में दो ब्रॉन्ज मेडल जीतने वालीं परिनाज ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा, "मेरे पास शब्द नहीं हैं। यहां आकर और इतने शानदार अनुभव और इतने जबरदस्त स्वागत के साथ घर लौटकर मैं बहुत खुशनसीब महसूस कर रही हूं। मुझे बहुत खुशी है कि मैं दो मेडल जीत पाई, और यह सब बहुत बढ़िया रहा। यह अनुभव वाकई बहुत शानदार था।" उन्होंने कहा कि अब उनका पूरा ध्यान ओलंपिक 2028 के लिए क्वालीफाई करने पर होगा और वह वहां गोल्ड पर निशाना लगाना चाहेंगी।

भारतीय पुरुष शूटर अनीश ने कहा, "बिल्कुल, सभी मेडल जीतने वालों को बहुत-बहुत बधाई। हमारे शूटर्स ने मेडल जीते और भारतीय शूटिंग का नाम रोशन किया। हमारी शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही थी, लेकिन फिर हमने तीन गोल्ड मेडल जीते और कुल मिलाकर शूटिंग में काफी मेडल जीते हैं। तो, यह बहुत अच्छा प्रदर्शन रहा है।" उन्होंने कहा कि भारतीय शूटिंग टीम विश्व स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है और टीम ओलंपिक के लिए भी अच्छी तैयारी करेगी और दमदार प्रदर्शन करने का प्रयास करेगी।

ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली माहेश्वरी चौहान ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा, ""मुझे लगता है कि यह एक शानदार अनुभव था। यह एशियन गेम्स में डेब्यू था और मैं बहुत खुशकिस्मत हूं कि मेडल जीतकर लौट रही हूं। मुझे लगता है कि अभी हमें लंबा सफर तय करना है, और यह एक बेहतरीन शुरुआत है।" उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में हिस्सा लेने का अनुभव उनके लिए काफी काम आएगा, क्योंकि इसमें चीन जैसी टीमें भी शामिल थीं। भारतीय शूटिंग टीम ने एशियन गेम्स 2026 में कुल 15 मेडल जीते, जिसमें 3 गोल्ड शामिल रहे।

--आईएएनएस

एसएम/एमएस