×

Asian Games 2026 Live Update : रोशिबिना देवी ने जीता सिल्वर, लगातार तीसरी बार पदक जीतकर रचा इतिहास
 

 

Asian Games 2026: एशियन गेम्स के पांचवें दिन भारत के खाते में एक और सिल्वर मेडल जुड़ गया. वुशु खिलाड़ी रोशिबिना देवी ने महिलाओं के 60 किलोग्राम सांडा वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया. हालांकि फाइनल मुकाबले में उन्हें चीन की झांग शियाओयू के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा.

रोशिबिना ने लगातार तीसरे एशियाड में जीता मेडल
रोशिबिना देवी के लिए यह उपलब्धि खास है. उन्होंने एशियन गेम्स में लगातार तीसरी बार पदक जीता है. इसी के साथ वह एशियन गेम्स में लगातार तीन पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला वुशु खिलाड़ी बन गई हैं.
रोशिबिना ने इससे पहले 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल और 2023 हांगझोउ एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल हासिल किया था. अब 2026 में उन्होंने एक बार फिर भारत के लिए रजत पदक जीता.
रोइंग में भी भारत को ब्रॉन्ज
रोशिबिना के अलावा रोइंग में भी भारत के खाते में पदक आया. सतनाम सिंह और सलमान खान की जोड़ी ने पुरुषों के डबल्स स्कल इवेंट में 6:13.25 मिनट का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया और ब्रॉन्ज मेडल जीता.
इस प्रदर्शन के साथ भारत की पदक संख्या बढ़कर 14 हो गई है.

भारत के खाते में अब 14 मेडल
एशियन गेम्स में भारत ने अब तक कुल 14 पदक अपने नाम किए हैं. इनमें 1 गोल्ड, 6 सिल्वर और 7 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं. मेडल टैली में भारत फिलहाल 14वें स्थान पर है.
Squash में जोशना-वेलावन की जोड़ी क्वार्टर फाइनल में
स्क्वॉश के मिक्स्ड डबल्स में भी भारतीय जोड़ी ने अगले दौर में जगह बना ली है. जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार ने सुरज चंद और शमीना रियाज की जोड़ी को 11-7, 11-10 से हराया.

दूसरे गेम में सुरज-शमीना ने 7-9 से पिछड़ने के बाद स्कोर 9-9 से बराबर कर दिया था. मुकाबला गेम प्वाइंट तक पहुंचा, लेकिन जोशना और वेलावन ने दबाव के बीच अहम अंक हासिल करते हुए गेम के साथ मैच भी अपने नाम कर लिया.
इस जीत के साथ भारतीय जोड़ी ने मिक्स्ड डबल्स के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है.