☰
×

Asian Games 2026 Live Update: भारत के खाते में 2 मेडल तय, स्क्वॉश और टेबल टेनिस में सेमीफाइनल में पहुंचीं जोड़ियां
 

 

नागोया एशियन गेम्स के छठे दिन भारत के लिए पदकों की तस्वीर और मजबूत हो गई है। शुक्रवार को भारतीय खिलाड़ियों ने स्क्वॉश और टेबल टेनिस के मिक्स्ड डबल्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ दोनों स्पर्धाओं में भारत के कम से कम कांस्य पदक पक्के हो गए हैं।

स्क्वॉश में जोशना-वेलावन की जोड़ी का शानदार प्रदर्शन
स्क्वॉश के मिक्स्ड डबल्स मुकाबले में जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिल कुमार की भारतीय जोड़ी ने जीत दर्ज करते हुए अंतिम चार में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही इस जोड़ी ने भारत के लिए एक पदक सुनिश्चित कर दिया है।
भारतीय जोड़ी अब फाइनल में जगह बनाने के इरादे से कोर्ट पर उतरेगी। जीत मिलने पर पदक का रंग सिल्वर या गोल्ड में बदल जाएगा।
टेबल टेनिस में मनुष शाह-दिया चितले ने किया उलटफेर
टेबल टेनिस के मिक्स्ड डबल्स में मनुष शाह और दिया चितले ने चीन की वर्ल्ड नंबर-4 जोड़ी को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। भारतीय जोड़ी की इस जीत के साथ इस स्पर्धा में भी भारत का पदक तय हो गया है।

मिक्स्ड डबल्स में यह भारत का दूसरी बार पदक होगा। इससे पहले अचंत शरत कमल और मनिका बत्रा की जोड़ी ने 2018 एशियन गेम्स में इस कैटेगरी में भारत के लिए पदक जीता था।
शूटिंग में भी भारतीय जोड़ी फाइनल में
इसके अलावा शूटिंग में कमलजीत और सुरुचि की जोड़ी ने 10 मीटर पिस्टल की मिक्स्ड कैटेगरी के फाइनल में जगह बनाई है। इससे इस स्पर्धा में भी भारत की पदक उम्मीदें बढ़ गई हैं।

एशियन गेम्स के छठे दिन भारतीय खिलाड़ियों के लगातार बेहतर प्रदर्शन से पदक तालिका में भारत की स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है।