×

Asian Games 2026: गौतम गंभीर नहीं, वीवीएस लक्ष्मण संभालेंगे टीम इंडिया की कमान, जानें क्यों लिया गया ये फैसला
 

 


जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेल 2026 के लिए भारतीय दल का ऐलान हो चुका है. 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले इस बड़े खेल आयोजन के लिए भारत ने 768 सदस्यीय दल भेजने की तैयारी की है. भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के कोचिंग स्टाफ में वीवीएस लक्ष्मण का नाम शामिल होने के बाद क्रिकेट फैंस के बीच यह सवाल उठने लगा कि जब गौतम गंभीर टीम इंडिया के मुख्य कोच हैं, तो एशियन गेम्स में यह जिम्मेदारी लक्ष्मण को क्यों दी गई है.

वेस्टइंडीज सीरीज से टकराएगा एशियन गेम्स का शेड्यूल

दरअसल, एशियन गेम्स के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम का अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम भी व्यस्त रहेगा. सितंबर और अक्टूबर में वेस्टइंडीज की टीम भारत दौरे पर आएगी, जहां दोनों टीमों के बीच व्हाइट-बॉल सीरीज खेली जाएगी.

इसी शेड्यूल के चलते गौतम गंभीर और उनका नियमित कोचिंग स्टाफ वेस्टइंडीज सीरीज में व्यस्त रहेगा. ऐसे में एशियन गेम्स के लिए भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की जिम्मेदारी वीवीएस लक्ष्मण को सौंपी गई है. इस तरह दोनों टूर्नामेंट के बीच कोचिंग स्टाफ को लेकर किसी तरह का टकराव नहीं होगा.

लक्ष्मण के साथ ये कोचिंग स्टाफ रहेगा

एशियन गेम्स में वीवीएस लक्ष्मण के साथ भारतीय पुरुष टीम के सपोर्ट स्टाफ में ऋषिकेश कानिटकर, सुनील जोशी और सुभादीप घोष शामिल होंगे. सुभादीप घोष को हाल ही में भारतीय पुरुष टीम का फील्डिंग कोच नियुक्त किया गया है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुभादीप वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा नहीं होंगे और जापान में भारतीय पुरुष टीम के साथ रहेंगे.

महिला टीम के साथ जाएगा नियमित कोचिंग स्टाफ

पुरुष टीम के विपरीत भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशियन गेम्स में अपने नियमित कोचिंग स्टाफ के साथ हिस्सा लेगी. महिला टीम के साथ हेड कोच अमोल मजूमदार, बॉलिंग कोच आविष्कार साल्वी और फील्डिंग कोच मुनीश बाली मौजूद रहेंगे.

इन दिनों UAE में एशिया कप में व्यस्त महिला टीम टूर्नामेंट खत्म होने के बाद जापान के लिए रवाना होगी.

2023 में भी लक्ष्मण ने संभाली थी जिम्मेदारी

वीवीएस लक्ष्मण के लिए एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष टीम की कोचिंग करना कोई नई बात नहीं है. 2023 में हांगझोउ एशियन गेम्स के दौरान भी उन्होंने टीम इंडिया के हेड कोच की भूमिका निभाई थी.

लक्ष्मण की कोचिंग में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने पिछली बार गोल्ड मेडल जीता था. अब एक बार फिर उन्हें टीम की जिम्मेदारी मिलने के बाद भारत की नजरें लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतने पर होंगी.

28 सितंबर को होगा भारत का पहला मुकाबला

एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिलेगा. टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला 28 सितंबर को खेलेगी. अगर भारतीय टीम फाइनल तक पहुंचती है तो गोल्ड मेडल के लिए खिताबी मुकाबला 3 अक्टूबर को खेला जाएगा.

ऐसे में लक्ष्मण के सामने एक बार फिर भारत को एशियन गेम्स में चैंपियन बनाने की चुनौती होगी. पिछले संस्करण की सफलता को देखते हुए उनसे इस बार भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।