एशियन डबल्स स्क्वैश: अभय-वेलावन के अभियान की शानदार शुरुआत, दक्षिण कोरियाई जोड़ी पर 11-7, 11-10 से जीत
सारावाक (मलेशिया), 18 जून (आईएएनएस)। तीसरे एशियन डबल्स स्क्वैश चैंपियनशिप में भारत की प्रमुख पुरुष जोड़ी, अभय सिंह और वेलावन सेंथिलकुमार ने गुरुवार को अपने टाइटल का बचाव सफलतापूर्वक शुरू किया।
सारावाक में जारी प्रतियोगिता में टॉप सीड जोड़ी ने 'पूल-ए' में दक्षिण कोरियाई जोड़ी ओह सेओजिन और मिन-वू ली को 11-7, 11-10 से मात दी। भारतीय जोड़ी ने इस रोमांचक मैच में बेहतरीन कौशल और नियंत्रण का इस्तेमाल किया।
वहीं, उनके साथी खिलाड़ी राहुल बैथा और सूरज चंद ने 'पूल-बी' में सिंगापुर के सैमुअल क्वेक वेई यी और जस्टिन याप को 11-3, 11-3 से हराया, लेकिन जापान के नाओकी हयाशी और रेन माकिनो की जोड़ी के हाथों 8-11, 11-8, 6-11 से करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
मिक्स्ड डबल्स में, दूसरी सीड वेलावन और जोशना चिनप्पा ने पूल-बी में कॉर्डेलिया सू और पैन होंग रुई (चीनी ताइपे) को 11-2, 11-3 से शिकस्त दी। विमेंस डबल्स में, दूसरी सीड जोशना और राधिका सीलन ने छह टीमों वाले पूल-बी में पहले दिन अपने तीनों मुकाबले जीते। उन्होंने सिंगापुर की जयना लिम और जैसिंथा हान को 11-5, 11-5 से मात दी। जापान की सुगीमोटो रिसा और एरिसा सानो को 11-9, 11-8 से और हमवतन जेनेट विधि और पूजा आरती को 11-5, 11-8 से हराया।
सातवीं सीड जेनेट और पूजा ने दिन के अपने शेष दो मैच जीते। उन्होंने ऊंची रैंकिंग वाली सुगीमोटो और एरिसा को 8-11, 11-4, 11-5 से हराया, जिसमें जेनेट ने कोर्ट पर शानदार मूवमेंट दिखाया और पूजा ने निर्णायक शॉट खेले। इस जोड़ी ने सिंगापुर की वाई लिन औ योंग और नाइशा सिंह को भी 9-11, 11-6, 11-8 से शिकस्त दी।
पिछले साल भारत ने तीनों कैटेगरी में जीत हासिल की थी। अभय और अनाहत सिंह ने मिक्स्ड टाइटल जीता था, जबकि अनाहत ने अनुभवी खिलाड़ी जोशना चिनप्पा के साथ मिलकर महिला वर्ग का खिताब अपने नाम किया था।
युवा खिलाड़ी अनाहत इस हफ्ते मलेशिया में हिस्सा नहीं ले रही हैं। फिलहाल अनाहत अगले महीने कनाडा में होने वाली वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप की तैयारी कर रही हैं।
--आईएएनएस
आरएसजी