मैनचेस्टर के मैदान पर डेब्यू करने वाले भारतीय खिलाड़ी, अंशुल कंबोज ने 35 साल बाद रचा इतिहास
भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज़ का चौथा मैच मैनचेस्टर में खेला जा रहा है। इस मैच के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए गए हैं। टीम इंडिया की ओर से इस मैच में 24 वर्षीय तेज़ गेंदबाज़ अंशुल कंबोज को डेब्यू करने का मौका मिला है। उनके डेब्यू के साथ ही मैनचेस्टर में 35 साल पुरानी कहानी दोहराई गई है। दरअसल, 35 साल बाद किसी भारतीय खिलाड़ी ने इस मैदान पर डेब्यू किया है। कंबोज से पहले टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज लेग स्पिनर अनिल कुंबले ने 1990 में इसी मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था।
अंशुल कंबोज और अनिल कुंबले के बीच है एक ख़ास कनेक्शन
अनिल कुंबले और अंशुल कंबोज के बीच एक और ख़ास कनेक्शन है। दरअसल, इन दोनों गेंदबाज़ों ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में भी 10 विकेट लिए हैं। कुंबले ने 1999 में पाकिस्तान के खिलाफ एक मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक पारी में सभी 10 विकेट लिए थे। वहीं, अंशुल कंबोज ने 2024 में केरल के खिलाफ प्रथम श्रेणी क्रिकेट में एक मैच में सभी 10 विकेट लिए थे। अनिल कुंबले भारत के सबसे सफल क्रिकेटरों में गिने जाते हैं। अंशुल कंबोज इस मैच में अच्छा प्रदर्शन करके भारतीय टेस्ट टीम में बने रहना चाहते हैं।
अंशुल कंबोज का प्रथम श्रेणी क्रिकेट में रिकॉर्ड
अंशुल कंबोज ने अब तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 24 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 79 विकेट लिए हैं। लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने 25 मैचों में 40 विकेट लिए हैं। टी20 में उन्होंने 34 विकेट लिए हैं। अंशुल कंबोज को इंग्लैंड में खेलने का भी अनुभव है। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले, उन्होंने इंडिया ए के लिए इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दो प्रथम श्रेणी मैच खेले थे, जिसमें उन्होंने पांच विकेट लिए थे। अब देखना यह होगा कि मैनचेस्टर टेस्ट मैच में उनका प्रदर्शन कैसा रहता है।
टीम इंडिया में हुए हैं तीन बदलाव
मैनचेस्टर टेस्ट मैच की बात करें तो भारतीय टीम ने वहां अपनी प्लेइंग इलेवन में 3-3 बदलाव किए हैं। इस सीरीज़ के अब तक तीन मैचों में कुछ खास नहीं कर पाए करुण नायर को प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह साई सुदर्शन को मौका मिला है। चोटिल नीतीश कुमार रेड्डी और आकाश दीप की जगह शार्दुल ठाकुर और अंशुल कंबोज को मौका मिला है। टीम इंडिया फिलहाल पांच मैचों की इस सीरीज़ में 1-2 से पीछे है।