अंक तालिका में केकेआर ने लगाई दो पायदान की छलांग, 10वें नंबर पर खिसकी एलएसजी
नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में रविवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में गुजरात टाइटंस (जीटी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 8 विकेट से हराया। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के बीच हुए मैच का नतीजा सुपर ओवर से निकला, जहां केकेआर ने बाजी मारी।
आईपीएल 2026 में दूसरी जीत दर्ज करने के बाद केकेआर ने दो पायदान की छलांग लगाई है। केकेआर 10वें नंबर से अंक तालिका में 8वें नंबर पर आ गई है। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में खेल रही कोलकाता नाइट राइडर्स के 8 मुकाबलों में 5 पॉइंट हो गए हैं। वहीं, लगातार पांचवीं हार के साथ एलएसजी अब अंक तालिका में सबसे निचले पायदान (10वें) पर खिसक गई है। 8 मुकाबलों के बाद एलएसजी के कुल 4 प्वाइंट हैं। केकेआर ने एलएसजी के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 155 रन लगाए। टीम की तरफ से रिंकू सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में 83 रनों की दमदार पारी खेली।
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने भी 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 155 रन बनाए, और मुकाबला टाई रहा। हालांकि, सुपर ओवर में सुनील नरेन ने तीन गेंदों के अंदर निकोलस पूरन और एडेन मार्करम को आउट कर दिया, जिसके चलते केकेआर को सिर्फ 2 रनों का लक्ष्य मिला। रिंकू ने सुपर ओवर की पहली ही गेंद पर चौका लगाते हुए केकेआर को जीत दिलाई।
वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मिली जीत दर्ज करने के बाद गुजरात टाइटंस के 8 मुकाबलों में आठ प्वाइंट हो गए हैं और टीम अंक तालिका में पांचवें नंबर पर आ गई है। वहीं, सीएसके सीजन की पांचवीं हार के साथ टेबल में छठे नंबर पर खिसक गई है। जीटी के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 158 रन लगाए।
टीम की तरफ से कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 60 गेंदों में 74 रनों की दमदार पारी खेली। हालांकि, साई सुदर्शन की 46 गेंदों में खेली गई 87 रनों की बेहतरीन पारी के बूते गुजरात टाइटंस ने 159 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 16.4 ओवर में हासिल कर लिया।
7 मुकाबलों में से 6 में जीत हासिल करने वाली पंजाब किंग्स 13 प्वाइंट्स के साथ अंक तालिका में पहले नंबर पर बनी हुई है। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 7 मुकाबलों में 10 पॉइंट के साथ दूसरे नंबर पर काबिज है। सनराइजर्स हैदराबाद 8 मुकाबलों में 10 पॉइंट के साथ तीसरे स्थान पर है।
--आईएएनएस
एसएम/एएस