अंगकृष रघुवंशी: 11 की उम्र में घर छोड़ा, जीता अंडर-19 वर्ल्ड कप, अब आईपीएल में मचा रहे धमाल
नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में धमाल मचा रहे हैं। अंगकृष इस सीजन अब तक 4 पारियों में 155 रन बना चुके हैं।
लंबी कद-काठी के बल्लेबाज ने इस सीजन शुरुआती 2 मुकाबलों में अर्धशतक लगाए हैं। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ 29 गेंदों में 51 रन की पारी खेली। इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ 29 गेंदों में 52 रन बनाए।
इसके बाद अंगकृष ने पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के विरुद्ध 7 रन की नाबाद पारी खेली। इस सीजन के अपने चौथे मैच में 21 वर्षीय खिलाड़ी ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के विरुद्ध 33 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 45 रन की पारी खेली।
5 जून 2004 को दिल्ली में जन्मे अंगकृष रघुवंशी महज 11 साल की उम्र में अपना घर छोड़कर मुंबई चले आए थे। दरअसल, अंगकृष के माता-पिता उनके करियर को लेकर गंभीर थे। वह अपने बेटे को अभिषेक नायर से ट्रेनिंग दिलवाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने अपने कलेजे के टुकड़े को मुंबई भेजने का फैसला किया।
महज 11 साल की उम्र में अंगकृष रघुवंशी अकेले ही मुंबई आ गए, जहां अभिषेक नायर और ओंकार साल्वी ने उन्हें ट्रेनिंग दी। सिर्फ 16 साल की उम्र में रघुवंशी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 की टीम में शामिल हो गए।
अंगकृष उस विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी रहे, जिन्होंने 6 मुकाबलों में 46.33 की औसत के साथ 278 रन बनाए। इस दौरान 144 रन की पारी भी शामिल रही। भारत ने यह खिताब अपने नाम किया था।
अंगकृष को साल 2023 में लिस्ट-ए क्रिकेट में डेब्यू का मौका मिला, जिसके बाद साल 2024 में फर्स्ट क्लास डेब्यू किया। अंडर-19 वर्ल्ड कप के बाद घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का इनाम अंगकृष को मिला।
अंगकृष को आईपीएल 2024 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने 20 लाख रुपए में खरीद लिया। उस सीजन अंगकृष ने 10 मुकाबलों की 7 पारियों में 23.28 की औसत के साथ 163 रन बनाए। इस दौरान 1 अर्धशतक भी लगाया। अगले सीजन में 12 मुकाबले खेलते हुए 33.33 की औसत के साथ 300 रन बनाए। शुरुआती दो सीजन में कुल दो अर्धशतक लगाने वाले सूर्यवंशी ने तीसरे सीजन शुरुआती दोनों मुकाबलों में फिफ्टी लगाकर एक बार फिर खुद को साबित किया है।
अंगकृष ने फर्स्ट क्लास करियर के 4 मुकाबलों में 38.20 की औसत के साथ 191 रन बनाए हैं, जबकि 18 लिस्ट-ए मुकाबलों में 33.43 की औसत से 535 रन बना चुके हैं। आईपीएल करियर के 26 मुकाबलों में उनके बल्ले से 32.52 की औसत के साथ 618 रन आए हैं।
--आईएएनएस
आरएसजी