आकाश चोपड़ा ने बताया, क्यों राजस्थान रॉयल्स को खलेगी सैम करन की कमी
नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने राजस्थान रॉयल्स की टीम में मौजूद कुछ खामियों को उजागर किया है। उन्होंने बताया कि सैम करन अगर टूर्नामेंट से बाहर होते हैं, तो राजस्थान टीम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
आकाश ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह राजस्थान रॉयल्स टीम का रिव्यू करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में पूर्व भारतीय क्रिकेटर राजस्थान की ताकत और खामियों पर बात करते हुए नजर आए। सीजन की शुरुआत से पहले राजस्थान को बड़ा झटका लगा है। 'ईएसपीएन क्रिकइंफो' की खबर के अनुसार, ऑलराउंडर सैम करन ग्रोइन इंजरी की वजह से पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। करन हाल ही में खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार लय में दिखाई दिए थे।
आकाश चोपड़ा के अनुसार, सैम करन की गैरमौजूदगी से राजस्थान के जीतने के चांस कम हो सकते हैं, क्योंकि टीम को एक बार फिर प्लेइंग इलेवन में नंबर 8 पर एक मजबूत बल्लेबाज न होने की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। आकाश ने 'एक्स' पर शेयर किए वीडियो में कहा, "सैम करन की गैरमौजूदगी ने चुनौती को और भी बड़ा बना दिया है। नंबर 8 पर कौन बल्लेबाजी करेगा? क्या यह समस्या उन्हें एक बार फिर परेशान करेगी? हो सकता है कि उन्हें नांद्रे बर्गर को खिलाना पड़े।"
हालांकि, पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने टीम की बैटिंग और बॉलिंग यूनिट की तारीफ करते हुए कहा कि उनके पास खेल के हर चरण के लिए विकल्प मौजूद हैं और ऐसे दमदार हिटर हैं जो शुरुआत से ही हावी हो सकते हैं।उन्होंने कहा, "राजस्थान रॉयल्स की बैटिंग में जबरदस्त मारक क्षमता है। वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर, डेनियल फरेरा, रवींद्र जडेजा और जोफ्रा आर्चर।"
आकाश ने राजस्थान के गेंदबाजी अटैक के बारे में बात करते हुए कहा, "तेज गेंदबाजी विभाग में भी आपके पास ऐसे गेंदबाज हैं जो अलग-अलग चरणों में गेंदबाजी कर सकते हैं। नई गेंद के साथ बर्गर और जोफ्रा आर्चर शुरुआत कर सकते हैं। संदीप और तुषार भी टीम के पास मौजूद हैं। इसके अलावा माफाका के रूप में भी एक बढ़िया गेंदबाज मौजूद है। स्पिन विभाग में भी सुधार हुआ है। इस बार टीम के पास जडेजा और रवि बिश्नोई के रूप में दो प्रभावशाली स्पिनर हैं।"
चोपड़ा का यह भी मानना है कि यह सीजन नए कप्तान रियान पराग के लिए खुद को साबित करने का एक बड़ा मौका है। "कप्तान के लिए यह अपना नाम बनाने का एक अच्छा मौका है। ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल ऑरेंज कैप जीत सकते हैं। वैभव सूर्यवंशी भी चमक सकते हैं। जहां तक बैटिंग की बात है, तो टीम की रणनीति लगातार आक्रामक बने रहने की होगी, जबकि गेंदबाजी में शुरुआती ओवरों में और फिर बीच के ओवरों में विकेट लेने पर जोर रहेगा।" राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2026 में अपना पहला मैच 30 मार्च को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलेगी।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी