×

एफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप के लिए भारतीय टीम बैंकॉक पहुंची

 

बैंकॉक, 20 मार्च (आईएएनएस)। भारत की 24 सदस्यीय अंडर-20 महिला टीम अगले महीने होने वाले एफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप के लिए शुक्रवार को थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक पहुंच गई। भारतीय टीम स्थानीय हालात में ढलने के लिए थोड़ा पहले ही बैंकॉक पहुंची है।

20 साल बाद एशियन कप के लिए क्वालीफाई करने वाली भारतीय महिलाओं को 2 अप्रैल को जापान के खिलाफ अपने पहले ग्रुप सी मैच से पहले बैंकॉक में स्थानीय हालात के हिसाब से ढलने के लिए 13 दिन का समय मिलेगा। इसके बाद भारत 5 अप्रैल को ऑस्ट्रेलिया और 8 अप्रैल को चीनी ताइपे से भिड़ेगा।

ग्रुप की टॉप दो टीमें और तीनों ग्रुप में तीसरे नंबर पर रहने वाली दो सबसे अच्छी टीमें क्वार्टरफाइनल में पहुंचेंगी। इसके अलावा, चार क्वार्टर-फाइनल विजेता फीफा अंडर-20 महिला विश्व कप पोलैंड 2026 के लिए क्वालिफाई करेंगे।

स्वीडिश हेड कोच जोआकिम एलेक्जेंडरसन के नेतृत्व में भारत ने जनवरी में बेंगलुरु में अपना ट्रेनिंग कैंप शुरू किया था। उनका स्वीडन में एक महीने का कैंप था, जहां उन्होंने स्वीडिश क्लब साइड्स की सीनियर टीमों के खिलाफ पांच मैत्रीपूर्ण मैच खेले।

स्कैंडिनेविया से लौटने के बाद, युवा खिलाड़ियों ने कोलकाता में प्रशिक्षण जारी रखा। भारतीय टीम कोलकाता से ही शुक्रवार की सुबह थाईलैंड की राजधानी के बैंकाक के लिए रवाना हुईं।

एलेक्जेंडरसन टूर्नामेंट के करीब आने पर फाइनल 23-सदस्यों वाली टीम की घोषणा करेंगे।

एफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप 2026 के लिए थाईलैंड जाने वाली भारत की 24 सदस्यीय टीम

गोलकीपर: मोनालिशा देवी मोइरंगथेम, नंदिनी, रिबंसी जामू।

डिफेंडर: अलका इंदवार, सिंडी रेमरूअतपुई कोल्नी, निशिमा कुमारी, रेमी थोकचोम, रुचि यादव, साहेना टीएच, शुभांगी सिंह, थोबिसाना चानू तोइजाम।

मिडफील्डर: अंजू चानू कायेनपैबम, अरीना देवी नामीराकपम, भूमिका देवी खुमुकचम, मोनिशा सिंघा, नेहा, पूजा, श्रुति कुमारी।

फॉरवर्ड: बबीता कुमारी, दीपिका पाल, लहिंगडेइकिम, शिल्जी शाजी, सिबानी देवी नोंग्मीकापम, सुलंजना राउल।

हेड कोच: जोआकिम एलेक्जेंडरसन

असिस्टेंट कोच: पारोमिता सिट

गोलकीपिंग कोच: हमीद केके

--आईएएनएस

पीएके