AFC Asian Cup 2027: मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच बड़ा फैसला, एक साल के लिए टला एशियन कप, जानें नई तारीखें
सऊदी अरब में आयोजित होने वाले 2027 एएफसी एशियन कप (AFC Asian Cup 2027) को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। एशियाई फुटबॉल परिसंघ (AFC) ने टूर्नामेंट को लगभग एक साल के लिए स्थगित करने का फैसला किया है। मिडिल ईस्ट में लगातार बढ़ते तनाव और सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के चलते यह निर्णय लिया गया है। सऊदी अरब में यमन के हुथी विद्रोहियों के हमलों के बाद हालात की गंभीरता को देखते हुए आयोजकों और एएफसी के बीच विस्तार से चर्चा हुई, जिसके बाद टूर्नामेंट की नई तारीखें तय की गईं।
अब इस तारीख को खेला जाएगा एएफसी एशियन कप 2027
पहले एएफसी एशियन कप का आयोजन 7 जनवरी से 5 फरवरी 2027 तक होना था। लेकिन अब इसे आगे बढ़ाकर 23 दिसंबर 2027 से 21 जनवरी 2028 तक आयोजित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
एएफसी के मुताबिक, क्षेत्र में असाधारण परिस्थितियों, उड़ानों में आ रही बाधाओं और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी चुनौतियों के कारण निर्धारित समय पर प्रतियोगिता आयोजित करना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में खिलाड़ियों, टीमों, अधिकारियों और दर्शकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए टूर्नामेंट को स्थगित करने का फैसला लिया गया।
सुरक्षा चिंताओं के कारण बदला टूर्नामेंट का शेड्यूल
पिछले कुछ समय से मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण एशियन कप के आयोजन पर सवाल उठ रहे थे। खासकर सऊदी अरब में हुथी विद्रोहियों के हमलों के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं।
हालांकि, सऊदी अरब के आयोजक लगातार यह भरोसा दिला रहे थे कि टूर्नामेंट तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होगा। पिछले सप्ताह भी सऊदी अधिकारियों ने एशियाई फुटबॉल संघों को तैयारियों का भरोसा देते हुए मैचों के समय और शेड्यूल को अंतिम रूप दिया था। लेकिन मौजूदा हालात की समीक्षा के बाद एएफसी ने प्रतियोगिता को आगे बढ़ाने का फैसला किया।
अब फीफा की अंतिम मंजूरी का इंतजार
एएफसी की आयोजन समिति ने टूर्नामेंट की नई तारीखों का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। हालांकि, इसे लागू करने के लिए अब विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा की अंतिम मंजूरी का इंतजार है।
इस फैसले के साथ ही पिछले कई महीनों से टूर्नामेंट के स्थगित होने को लेकर चल रही अटकलों पर भी विराम लग गया है।
24 टीमें लेंगी हिस्सा, तीन शहरों में होंगे मुकाबले
2027 एएफसी एशियन कप में कुल 24 टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट के मुकाबले सऊदी अरब के तीन प्रमुख शहरों रियाध, जेद्दा और खोबार में आयोजित किए जाने हैं। इसके लिए आठ स्टेडियम निर्धारित किए गए हैं।
टूर्नामेंट के ग्रुप चरण का ड्रॉ पहले ही हो चुका है। इसमें ईरान, सीरिया, चीन और किर्गिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। अब सभी की नजरें फीफा की अंतिम मंजूरी और टूर्नामेंट के नए कार्यक्रम पर रहेंगी।