☰
×

एडम मिल्ने का कमाल, पांचवें टी20 में झटके 4 विकेट, नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि

 

हैमिल्टन, 1 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 191 रन बनाए हैं। न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाज में एडम मिल्ने का प्रदर्शन शानदार रहा।

मिल्ने ने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 19 रन खर्च किए और भारत के 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। वह क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में न्यूजीलैंड की ओर से भारत के खिलाफ दूसरा सबसे बेहतरीन बॉलिंग स्पेल डालने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी और भुवनेश्वर कुमार को पवेलियन भेजा। टी20 क्रिकेट में भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड की ओर से सबसे बेहतरीन स्पेल फेंकने का रिकॉर्ड मिचेल सैंटनर के नाम है, जिन्होंने साल 2016 में महज 11 रन देकर 4 विकेट निकाले थे।

न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। एडम मिल्ने ने दूसरे ही ओवर में अभिषेक शर्मा को सिर्फ एक रन के स्कोर पर आउट किया। इसके बाद चौथे ओवर में मिल्ने ने संजू सैमसन को भी 4 रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा। हालांकि, इसके बाद ईशान किशन और भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 43 गेंदों में 93 रनों की बेहतरीन साझेदारी निभाई।

ईशान कमाल की लय में दिखाई दिए और उन्होंने महज 32 गेंदों में 61 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में ईशान ने 5 चौके और पांच छक्के लगाए। वहीं, श्रेयस अय्यर ने 23 गेंदों में 50 रन बनाए। तिलक वर्मा को नाथन स्मिथ ने सस्ते में पवेलियन भेजा और वह 6 रन ही बना सके। नमन धीर अच्छी लय में दिखे और 23 गेंदों में 4 चौके और एक छक्के की मदद से 33 रन बनाने के बाद आउट हुए।

नीतीश कुमार रेड्डी ने 17 गेंदों में 22 रन बनाए, जबकि भुवनेश्वर कुमार 6 रन बनाकर आउट हुए। न्यूजीलैंड की ओर से एडम मिल्ने के अलावा, नाथन स्मिथ और ब्लेक टिकनर ने दो-दो विकेट चटकाए। पांच मैचों की टी20 सीरीज में टीम इंडिया पहले ही 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है।

--आईएएनएस

एसएम/एएस