ACC Chairman Mohsin Naqvi: ट्रॉफी विवाद के बीच मोहसिन नकवी के भविष्य पर सवाल, अप्रैल 2027 में खत्म होगा कार्यकाल
एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चेयरमैन मोहसिन नकवी एक बार फिर चर्चा में हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख नकवी के कार्यकाल को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीम के ट्रॉफी प्रेजेंटेशन से जुड़े घटनाक्रम के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या उन्हें एसीसी चेयरमैन के पद पर आगे भी मौका मिलेगा।
हालिया ट्रॉफी प्रेजेंटेशन में श्रीलंका को हराकर चैंपियन बनी भारतीय महिला टीम ने भी मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं ली। इससे पहले भारतीय पुरुष टीम भी उनके हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर चुकी है। इन घटनाओं के बाद नकवी के एसीसी में भविष्य को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
अप्रैल 2027 में खत्म होगा कार्यकाल
मोहसिन नकवी को अप्रैल 2025 में एशियन क्रिकेट काउंसिल का चेयरमैन नियुक्त किया गया था। उनसे पहले यह जिम्मेदारी श्रीलंका के शम्मी सिल्वा के पास थी। वहीं, शम्मी सिल्वा से पहले जय शाह एसीसी के चेयरमैन रहे थे।
एसीसी चेयरमैन का पद सामान्य तौर पर दो साल के रोटेशन के आधार पर चलता है। इसी व्यवस्था के तहत नकवी का मौजूदा कार्यकाल अप्रैल 2027 में समाप्त होना है।
क्या नकवी को मिल सकता है एक्सटेंशन?
एसीसी के नियमों के मुताबिक चेयरमैन के कार्यकाल को आगे बढ़ाने की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, इसके लिए सदस्य देशों की सहमति और समर्थन महत्वपूर्ण होगा।
इस मामले में जय शाह का उदाहरण दिया जाता है। उन्हें 2021 में एसीसी चेयरमैन की जिम्मेदारी मिली थी और बाद में सदस्य देशों की सहमति से उनका कार्यकाल 2024 तक बढ़ाया गया था। इस तरह वह करीब चार साल तक इस पद पर रहे।
BCCI के रुख पर रहेगी नजर
मोहसिन नकवी के कार्यकाल को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, पिछले कुछ समय में भारत और नकवी के बीच ट्रॉफी प्रेजेंटेशन को लेकर सामने आए घटनाक्रम ने इस मुद्दे को चर्चा में ला दिया है।
इसके अलावा एसीसी के दूसरे सदस्य देशों का रुख भी महत्वपूर्ण होगा। यदि नकवी को आगे भी चेयरमैन बने रहना है तो उन्हें सदस्य देशों के बीच पर्याप्त समर्थन हासिल करना होगा।
फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि नकवी का कार्यकाल बढ़ेगा या नहीं। लेकिन मौजूदा घटनाक्रम के बीच एसीसी के अगले चेयरमैन को लेकर अटकलें जरूर तेज हो गई हैं।