RCB प्लेयर यश दयाल के खिलाफ इंदिरापुरम थाने में केस दर्ज, यौन शोषण का लगा है आरोप
क्रिकेट न्यूज़ डेस्क।। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 का खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के तेज गेंदबाज यश दयाल बड़ी मुसीबत में फंस गए हैं। गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके की एक लड़की ने उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने अब इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। इसके चलते उन्हें जेल जाना पड़ सकता है। इससे उनका करियर खतरे में पड़ सकता है। लड़की ने यश दयाल पर शादी का लालच देकर आर्थिक, मानसिक और शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि यश दयाल काफी समय से उससे शादी का वादा कर रहा था और इसी बहाने उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए।
लड़की ने लगाए ये आरोप
गाजियाबाद के इंदिरापुरम की एक लड़की ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में यश दयाल पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने अपनी शिकायत में कहा है कि वह पिछले 5 साल से यश दयाल के साथ रिलेशनशिप में थी। इस दौरान आरसीबी का तेज गेंदबाज उसे शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान करता रहा।
लड़की ने यह भी आरोप लगाया है कि यश दयाल उसके अलावा कई अन्य लड़कियों के साथ रिलेशनशिप में था। इस दौरान पीड़िता ने पुलिस को व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल और फोटो के स्क्रीनशॉट के सबूत दिए। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। वहीं, यश दयाल के पिता का कहना है कि वह इस लड़की को नहीं जानते। मुझे समझ नहीं आ रहा कि इस लड़की ने ये आरोप क्यों लगाए हैं।
21 जून को शिकायत
पीड़ित महिला ने 21 जून को सीएम हेल्पलाइन पर यह शिकायत दर्ज कराई थी। लड़की का आरोप है कि जब उसने यश दयाल से शादी के वादे पर सवाल करना शुरू किया तो इस तेज गेंदबाज ने उसके साथ मारपीट की। महिला ने 14 जून को महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर कॉल किया, लेकिन वहां कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद मजबूर होकर उसे 21 जून को सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करानी पड़ी।
आईपीएल 2025 में यश दयाल का प्रदर्शन
यश दयाल आईपीएल 2025 में आरसीबी की ओर से खेले थे। आरसीबी ने पहली बार आईपीएल का खिताब जीता है। यश दयाल ने इस सीजन में 15 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 13 विकेट लिए। यश दयाल यूपी की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं।