डीसी बनाम पीबीकेएस: 6, 4, 4, 4, 4, 6... नीतीश राणा ने बार्टलेट के ओवर में कूटे 28 रन
नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 35वें मुकाबले में शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) की भिड़ंत पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के साथ हो रही है। अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में नीतीश राणा ने पीबीकेएस के तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट के ओवर की सभी गेंदों पर बाउंड्री लगाते हुए 28 रन बटोरे।
दिल्ली कैपिटल्स की पारी का 12वां ओवर फेंकने की जिम्मेदारी कप्तान श्रेयस अय्यर ने जेवियर बार्टलेट को दी। नीतीश ने इस ओवर की शुरुआत जोरदार छक्के के साथ की। इसके बाद अगली दो गेंदों पर उन्होंने लगातार दो चौके लगाते हुए अपना अर्धशतक सिर्फ 29 गेंदों में पूरा किया। ओवर की तीसरी और चौथी गेंद को भी नीतीश ने बाउंड्री लाइन के पार पहुंचाया। वहीं, ओवर का अंत नीतीश ने छक्के के साथ किया। इस तरह से बार्टलेट के इस ओवर में नीतीश ने सभी 6 गेंदों पर बाउंड्री लगाते हुए ओवर में 28 रन बनाए। नीतीश डीसी की तरफ से आईपीएल में एक ओवर में 28 रन बनाने वाले संयुक्त रूप से चौथे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले यह कारनामा श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, जैक फ्रेजर मैकगर्क कर चुके हैं।
नीतीश राणा और केएल राहुल ने दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। नीतीश-राहुल ने वीरेंद्र सहवाग और डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड तोड़ा। सहवाग और वॉर्नर ने साल 2011 में 146 रनों की साझेदारी निभाई थी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पाथुम निसांका सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हुए।
दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। डीसी के कप्तान अक्षर पटेल ने लगातार 9वें मुकाबले में टॉस जीता। दिल्ली कैपिटल्स इसके साथ ही आईपीएल में लगातार सबसे ज्यादा बार टॉस जीतने टीमों की लिस्ट में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर आ गई है। डीसी ने इस मामले में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की बराबरी कर ली है। सीएसके और एसआरएच ने भी लगातार 9 मुकाबलों में टॉस जीता है।
डीसी ने इस सीजन अब तक कुल 6 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 3 में जीत मिली है, जबकि तीन मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। आखिरी मैच में दिल्ली कैपिटल्स को सनराइजर्स हैदाबाद (एसआरएच) के खिलाफ 47 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। एसआरएच ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 242 रन बनाए थे, जिसके जवाब में डीसी 9 विकेट खोकर 195 रन ही बना सकी थी।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी