3 जून को 'लॉर्ड्स' में होगा ऐतिहासिक टी20 मुकाबला, नेपाल का सामना करेगा बांग्लादेश
नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। नेपाल क्रिकेट टीम 3 जून 2027 को ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर बांग्लादेश के खिलाफ मैच खेलकर इतिहास रचने जा रही है। यह मुकाबला इंग्लैंड दौरे पर खेला जाएगा, जिसमें नेपाल छह मैच खेलेगा।
यह पहली बार होगा, जब नेपाल की टीम लॉर्ड्स में किसी आईसीसी पूर्ण सदस्य (फुल मेंबर) देश के खिलाफ मैच खेलेगी। 'होम ऑफ क्रिकेट' कहे जाने वाले इस प्रतिष्ठित मैदान पर खेलने का मौका नेपाल के लिए बड़ी उपलब्धि है और इससे टीम को दुनिया के सबसे प्रसिद्ध क्रिकेट मैदानों में अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।
यह मैच बांग्लादेश के लिए भी काफी अहम होगा, क्योंकि उनकी पुरुष टीम लॉर्ड्स में अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेलेगी। इससे पहले, बांग्लादेश की टीम इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच खेलने के लिए इस मैदान पर लौटेगी। ऐसा 17 साल बाद होगा, जब बांग्लादेश इस मैदान पर कोई टेस्ट मैच खेलेगा।
मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) की तरफ से आयोजित इस दौरे में, नेपाल का सामना आयरलैंड और स्कॉटलैंड से भी होगा। ये आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय मैच वर्म्सले और बेकेनहम में खेले जाएंगे।
एमसीसी और एस्टेट की साझेदारी के तहत तीन मैच वर्म्सले में आयोजित होंगे, जबकि दो मैच बेकेनहम के 'द काउंटी ग्राउंड' में होंगे। इस दौरे के सभी मुकाबलों को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) द्वारा आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय मैचों के रूप में मान्यता दी जाएगी और इन्हें इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) से मंजूरी मिल चुकी है।
यह दौरा मार्च 2027 में बांग्लादेश के नेपाल दौरे के बाद होगा। साथ ही, यह दौरा नेपाल के 'आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 क्वालीफायर प्ले-ऑफ' में हिस्सा लेने के कुछ महीनों बाद आयोजित किया जाएगा।
एमसीसी के मुख्य कार्यकारी और सचिव रॉबर्ट लॉसन ने कहा कि यह मुकाबला क्लब और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नेपाल (सीएएन) के बीच बढ़ते संबंधों को दर्शाता है।
लॉसन ने कहा, "हाल के वर्षों में एमसीसी और सीएएन के बीच संबंध काफी मजबूत हुए हैं। इसमें एक-दूसरे के यहां दौरे, साझा अनुभव और खेल के विकास में सहयोग शामिल है। इसके अलावा, 'स्पिरिट ऑफ क्रिकेट' (खेल की भावना) को लेकर नेपाल प्रीमियर लीग के साथ भी हमने मिलकर काम किया है।"
--आईएएनएस
आरएसजी