2 अगस्त 2025 को सूर्य ग्रहण की खबरों पर मचा बवाल, क्या वाकई लगेगा ग्रहण या फिर फैलाई जा रही है अफवाह? जानिए सच्चाई
सूर्य ग्रहण को लेकर सनातन धर्म में कई मान्यताएं प्रचलित हैं। जिसके अनुसार सूर्य ग्रहण को अशुभ माना जाता है, इसलिए इस दौरान शुभ कार्य वर्जित होते हैं। इतना ही नहीं, ग्रहण के दौरान मंदिर के कपाट तक बंद कर दिए जाते हैं और भगवान की मूर्तियों को भी ढक दिया जाता है। आपको बता दें कि 2025 में कुल 4 ग्रहण हैं, जिनमें से 2 सूर्य ग्रहण हैं। अगस्त शुरू होते ही सूर्य ग्रहण की तारीख को लेकर सर्च शुरू हो गया है, जिसमें लोग सबसे ज्यादा 2 अगस्त के ग्रहण के समय के बारे में सर्च कर रहे हैं। लेकिन आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 2 अगस्त को कोई ग्रहण नहीं है। लेकिन अब सवाल यह उठता है कि यह असमंजस की स्थिति कैसे शुरू हुई, आइए आपको इस बारे में विस्तार से बताते हैं।
सदी का सबसे बड़ा सूर्य ग्रहण 2 अगस्त 2025 को नहीं, बल्कि 2 अगस्त 2027 को होगा
दरअसल, सूर्य ग्रहण 2 अगस्त 2025 को नहीं, बल्कि 2 अगस्त 2027 को होगा। यह ग्रहण इसलिए चर्चा में है क्योंकि इसे सदी का सबसे बड़ा सूर्य ग्रहण कहा जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस दिन चंद्रमा की छाया यूरोप, उत्तरी अफ्रीका और मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों से होकर गुज़रेगी। जिससे एक दुर्लभ खगोलीय घटना घटेगी। बताया जा रहा है कि इस सूर्य ग्रहण के दौरान पृथ्वी के कुछ हिस्से 6 मिनट 22 सेकंड के लिए अंधकार में डूब जाएँगे, जो सदी का सबसे लंबा ग्रहण होगा। 2027 के बाद यह नज़ारा 2114 में देखने को मिलेगा।
2025 में कब-कब होंगे सूर्य ग्रहण
2025 में दो सूर्य ग्रहण हैं, जिनमें से एक सूर्य ग्रहण 29 मार्च को लग चुका है और अब दूसरा सूर्य ग्रहण 21 सितंबर को लगना है। इसके साथ ही, यह साल का आखिरी ग्रहण भी होगा।