×

चेहरा चमकाने वाला फेसवॉश सेहत के साथ पर्यावरण को लगा रहा है चूना

 

जयपुर। आज के इस दौर में सारी दुनिया केवल अपनी बाहरी खूबसूरती को निखारने में लगी हुई है। अदंरूनी एहसास की किसी को कोई फिक्र नहीं। तभी तो चेहरे पर फेसवॉश और स्क्रब का इस्तेमाल करके हर बंदा आजकल स्मार्ट बनने की कोशिश में लगा हुआ है। भले ही कुछ देर के लिए आपके चेहरे पर निखार नज़र आ जाए लेकिन इन उत्पादों में मिले हुए घातक तत्व बाद में त्वचा को बहुत नुकसान पहुंचाते हैं। हालांकि अब तक केवल सेहत से जुड़े हुए नुकसान ही नजर आ रहे थे, लेकिन हाल ही में एक शोध से यह पता चला है कि ये उत्पाद पर्यावरण को भी प्रदूषित कर रहे हैं।

जी हां, जिन उत्पादों से आप अपना चेहरा चमका रहे हैं, वही पर्यावरण को चूना लगा रहे हैं। बता दे कि फेस वॉश और अन्य कॉस्मेटिक्स उत्पादों में कई तरह के खतरनाक तत्व पाए जाते हैं। इस वजह से वातावरण को भी बहुत नुकसान पहुंच रहा है। बता दे कि इन सौंदर्य प्रसाधनों में जानलेवा छोटे छोटे माइक्रोप्लास्टिक कण मौजूद होतें हैं। ये कण ना केवल वातावरण को प्रदूषित कर रहे हैं, बल्कि समंदरों में रहने वाले जलीय जीवों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके साथ ही ये उत्पाद हमारी सेहत पर भी कई तरह के दूरगामी दुषप्रभाव फैला रहे हैं।

वर्तमान में हर बंदा चेहरा चमकाने के लिए बाजार में मिलने वाले तरह तरह के फेसवॉश स्क्रब औऱ क्रीम इस्तेमाल कर रहा हैं। इनकी जांच करने पर पाया गया है कि ये उत्पाद हम सब के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। भारतीय बाजार में बिकने वाले तमाम कॉस्मेटिक्स उत्पाद इस तरह के घातक तत्वों से बनाए जाते हैं। ज्यादातर जनता इस बात से अनजान है। कॉस्मेटिक्स में पाये जाने वाले ये सूक्ष्म कण पानी के जरिए हमारे पेट में पहुंच जाते हैं।