×

भारत ने परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम मिसाइल का सफल परीक्षण किया

 

प्राचीन काल से भारतवर्ष की विचारधारा वसुधैव कुटुंबकुम की रही है। शांति की पहल करने में भारत हमेशा से आगे रहा है। लेकिन बात जब देश की सुरक्षा की हो तो भारत किसी से पीछे नहीं है। उन्नत तकनीक और स्वदेशी विज्ञान प्रतिभा के चलते सुरक्षा क्षेत्र में भारत नित नये आयाम स्थापित कर रहा है। इसी श्रृखंला में देश की सुरक्षा व्यवस्था को और भी पुख़्ता बनाने के लिये देश में ही निर्मित एवं परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम मिसाइल पृथ्वी-2 का गत 18 फरवरी को सफल परीक्षण किया गया है।

350 किलोमीटर की दूरी तक मार करने वाली पृथ्वी-2 मिसाइल का सफल परीक्षण ओडिशा के चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण केंद्र (आईटीआर) से किया गया। रक्षा सूत्रों ने बताया कि सेना द्वारा प्रायोगिक परीक्षण के तौर पर सतह से सतह पर मार करने वाली इस आधुनिक मिसाइल को 18 फरवरी की रात करीब साढ़े आठ बजे चांदीपुर प्रक्षेपण परिसर-3 से प्रक्षेपित किया गया था। उल्लेखनीय है कि इस परीक्षण से ठीक पहले 18 जनवरी को ही अग्नि-5 का सफल परीक्षण किया गया।

इसके अलावा अग्नि-1 और अग्नि-2 का भी हाल ही में ओडिशा अपतटीय क्षेत्र स्थित अब्दुल कलाम द्वीप से सफल परीक्षण किया गया था। गत सात फरवरी को ही चांदीपुर स्थित आईटीआर से पृथ्वी-2 का सफल प्रायोगिक परीक्षण किया गया था। अत्याधुनिक पृथ्वी-2 मिसाइल 500 से एक हजार किलोग्राम तक के परमाणु हथियार ले जा सकती है। इस मिसाइल में दो इंजन वाली तरल प्रणोदक प्रणाली लगाई गई है। सूत्रों ने बताया कि यह मिसाइल 350 किलोमीटर की दूरी तक मार कर सकती है।

पृथ्वी-2 में लक्ष्य को भेदने के लिए आधुनिक जड़त्वीय दिशा-निर्देशन प्रणाली लगाई गई है। इस तकनीक के आधार पर ही यह मिसाइल अपने प्रक्षेप पथ पर बड़ी कुशलता से आगे बढ़ती है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने बताया कि प्रशिक्षण अभ्यास के तहत मिसाइल को उत्पाद भंडार से बिना किसी नियमित क्रम के यादृच्छिक तरीके से उठाया गया था। इसकी समूची प्रक्षेपण गतिविधियों को सेना की रणनीतिक बल कमान ने संचालित किया था। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन के वैज्ञानिकों की देखरेख में हुआ यह सफल परीक्षण भारत की सुरक्षा व्यवस्था को कई गुना बढ़ा देगा।