×

Eggshell Concrete: क्या अंडे के छिलके से मजबूत होगी इमारतें? जानें वैज्ञानिकों की नई खोज

 

अंडे को आमतौर पर एक बेहद नाजुक चीज माना जाता है, जो हल्की सी चोट लगने पर भी टूट सकता है। वहीं सीमेंट और कंक्रीट का इस्तेमाल इमारतों और दूसरी मजबूत संरचनाओं के निर्माण में किया जाता है। लेकिन एक नई रिसर्च ने इन दोनों चीजों को लेकर बनी आम धारणा को दिलचस्प तरीके से चुनौती दी है।

रिसर्च में वैज्ञानिकों ने अंडे के छिलकों को फेंकने के बजाय उन्हें सुखाकर बारीक पाउडर बनाया और कंक्रीट के मिश्रण में इस्तेमाल किया। प्रयोग में पाया गया कि एक निश्चित मात्रा में अंडे के छिलके का पाउडर मिलाने से कंक्रीट की मजबूती में सुधार हो सकता है।

सीमेंट की जगह इस्तेमाल हुआ अंडे के छिलके का पाउडर

प्रयोग के दौरान अंडे के छिलकों को पहले अच्छी तरह सुखाया गया और फिर उन्हें बारीक पाउडर में बदल दिया गया। इसके बाद कंक्रीट तैयार करते समय सीमेंट की मात्रा को कुछ कम करके उसके एक हिस्से की जगह अंडे के छिलके का पाउडर इस्तेमाल किया गया।

करीब 10 प्रतिशत सीमेंट को अंडे के छिलके के पाउडर से बदलकर तैयार किए गए मिश्रण की तुलना सामान्य कंक्रीट से की गई। परीक्षण में 10 प्रतिशत वाले मिश्रण ने दरार आने से पहले ज्यादा वजन सहने की क्षमता दिखाई।

अंडे के छिलके में ऐसा क्या है?

अंडे के छिलके मुख्य रूप से कैल्शियम कार्बोनेट यानी CaCO3 से बने होते हैं। यह वही प्रमुख रासायनिक पदार्थ है जो चूना पत्थर में भी पाया जाता है। चूना पत्थर सीमेंट बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले प्रमुख कच्चे माल में से एक है।

यही वजह है कि वैज्ञानिकों ने अंडे के छिलके को कंक्रीट में इस्तेमाल करने की संभावना पर काम किया। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि अंडे का पाउडर सीधे सीमेंट की पूरी जगह ले सकता है। प्रयोग में इसकी एक सीमित मात्रा का इस्तेमाल किया गया।

10 प्रतिशत से ज्यादा पाउडर डालने पर घट गई मजबूती

रिसर्च का एक अहम निष्कर्ष यह भी रहा कि अंडे के छिलके के पाउडर की मात्रा बढ़ाने से कंक्रीट की मजबूती लगातार नहीं बढ़ती।

अध्ययन में 10 प्रतिशत से ज्यादा मात्रा में अंडे के छिलके का पाउडर इस्तेमाल करने पर कंक्रीट की स्ट्रेंथ कम होने लगी। ज्यादा पाउडर के कारण मिश्रण की संरचना में छोटे-छोटे छेद बढ़ सकते हैं और सीमेंट तथा दूसरे पदार्थों के बीच बॉन्डिंग कमजोर हो सकती है।

यानी इस तकनीक में सही मात्रा का इस्तेमाल बेहद महत्वपूर्ण है।

कचरे से निर्माण सामग्री बनाने की कोशिश

अंडे के छिलके खाद्य और पोल्ट्री उद्योग से निकलने वाले बड़े कचरे का हिस्सा हैं। आमतौर पर इन्हें फेंक दिया जाता है। अगर इनका इस्तेमाल निर्माण सामग्री में सीमित मात्रा में किया जा सके, तो कचरे को उपयोगी संसाधन में बदलने का रास्ता खुल सकता है।

इसके साथ ही सीमेंट उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले चूना पत्थर की जरूरत भी कुछ हद तक कम की जा सकती है।

पर्यावरण के लिए क्यों अहम हो सकता है यह प्रयोग?

सीमेंट उद्योग से बड़ी मात्रा में कार्बन उत्सर्जन जुड़ा हुआ है। ऐसे में अगर भविष्य में कुछ निर्माण सामग्री में सीमेंट के एक हिस्से को उपयुक्त वेस्ट मटीरियल से बदला जा सके, तो इससे संसाधनों की खपत और कचरे दोनों को कम करने में मदद मिल सकती है।

हालांकि, अंडे के छिलके से बनी कंक्रीट को बड़े पैमाने पर निर्माण में इस्तेमाल करने से पहले इसकी मजबूती, टिकाऊपन, सुरक्षा और लंबे समय तक प्रदर्शन को लेकर और परीक्षण जरूरी होंगे।

फिलहाल यह रिसर्च इस दिशा में एक दिलचस्प संभावना दिखाती है कि रोजमर्रा में बेकार समझे जाने वाले अंडे के छिलके भविष्य में निर्माण क्षेत्र के लिए उपयोगी कच्चा माल बन सकते हैं।