☰
×

नासा की टक्कर से एस्टेरॉयड का एक हिस्सा हुआ चपटा, 4 साल बाद हेरा स्पेसक्राफ्ट ने खोले बड़े राज

 

साल 2022 में अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA ने एक खास प्रयोग के तहत एस्टेरॉयड की दिशा बदलने के लिए उससे अपने स्पेसक्राफ्ट को टकराया था। अब करीब चार साल बाद यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ESA) के हेरा स्पेसक्राफ्ट ने इस टक्कर के असर का करीब से अध्ययन किया है। हेरा से मिली जानकारी के मुताबिक, नासा के स्पेसक्राफ्ट की टक्कर से एस्टेरॉयड डिमोर्फोस का एक बड़ा हिस्सा चपटा हो गया है। इस टक्कर ने उसकी सतह की बनावट और घूमने के तरीके को भी प्रभावित किया है।

2022 में नासा ने डिमोर्फोस को मारी थी टक्कर

26 सितंबर 2022 को नासा के डबल एस्टेरॉयड रिडायरेक्शन टेस्ट (DART) मिशन के तहत एक अंतरिक्ष यान को डिमोर्फोस एस्टेरॉयड से टकराया गया था। यह पहला ऐसा मिशन था, जिसका उद्देश्य यह जांचना था कि किसी स्पेसक्राफ्ट की टक्कर से एस्टेरॉयड की गति या दिशा बदली जा सकती है या नहीं।

DART स्पेसक्राफ्ट ने करीब 22,000 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से डिमोर्फोस को टक्कर मारी थी। इस टक्कर के बाद बड़ी मात्रा में चट्टानी मलबा अंतरिक्ष में फैल गया और करीब 10,000 किलोमीटर लंबी मलबे की लकीर बन गई। यह मलबा कई महीनों तक अंतरिक्ष में दिखाई देता रहा।

इस प्रयोग का असर डिमोर्फोस की कक्षा पर भी पड़ा। डिडिमोस का एक चक्कर लगाने में पहले इसे 11 घंटे 55 मिनट लगते थे, लेकिन टक्कर के बाद यह समय करीब 33 मिनट कम हो गया। इससे साबित हुआ कि अंतरिक्ष यान की मदद से किसी एस्टेरॉयड की गति में बदलाव किया जा सकता है।

डिमोर्फोस पर बना स्टेडियम जैसा बड़ा गड्ढा

यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी का हेरा स्पेसक्राफ्ट अब डिडिमोस एस्टेरॉयड सिस्टम का अध्ययन कर रहा है। इस सिस्टम में डिडिमोस के चारों ओर चक्कर लगाने वाला डिमोर्फोस भी शामिल है। डिमोर्फोस की चौड़ाई करीब 151 मीटर है, जबकि डिडिमोस लगभग 730 मीटर चौड़ा है।

हेरा के ताजा अवलोकनों से पता चला है कि DART की टक्कर ने डिमोर्फोस की सतह पर स्टेडियम के आकार का बड़ा गड्ढा बना दिया है। टक्कर वाली जगह का एक हिस्सा चपटा हो गया है और इसका असर पूरे एस्टेरॉयड की बनावट पर दिखाई दे रहा है।

हेरा मिशन के मुख्य जांचकर्ता पैट्रिक मिशेल के मुताबिक, जिस हिस्से पर DART स्पेसक्राफ्ट टकराया था, वहां स्टेडियम के आकार का गड्ढा बन गया है। यह गड्ढा एस्टेरॉयड की पूरी चौड़ाई तक फैला हुआ है।

टक्कर के बाद बेतरतीब घूम रहा है डिमोर्फोस

हेरा के अध्ययन में यह भी सामने आया है कि टक्कर के बाद डिमोर्फोस के घूमने के तरीके में बदलाव आया है। वह अपनी कक्षा में पहले की तरह सामान्य तरीके से नहीं घूम रहा, बल्कि उसका घूर्णन अनियमित हो गया है। इसके आसपास कुछ ऐसी चट्टानों की मौजूदगी भी देखी गई है, जिनकी पहले जानकारी नहीं थी।

हेरा स्पेसक्राफ्ट का आकार एक छोटी कार के बराबर है। यह एस्टेरॉयड से करीब 25 से 30 किलोमीटर की दूरी पर रहकर उसकी निगरानी कर रहा है। इसके लिए इसमें एस्टेरॉयड फ्रेमिंग कैमरा, मल्टीस्पेक्ट्रल इमेजर और थर्मल इंफ्रारेड इमेजर जैसे उपकरण लगाए गए हैं।

आगे और करीब जाकर अध्ययन करेगा हेरा

हेरा मिशन का उद्देश्य DART की टक्कर से हुए बदलावों को विस्तार से समझना है। वैज्ञानिक यह जानना चाहते हैं कि टक्कर के बाद एस्टेरॉयड की सतह, आकार, संरचना और गति में किस तरह के बदलाव आए।

योजना के मुताबिक, हेरा दिसंबर में डिडिमोस और डिमोर्फोस के और करीब जाकर करीब 13 किलोमीटर की दूरी से इनका अध्ययन करेगा। इससे वैज्ञानिकों को एस्टेरॉयड पर टक्कर के वास्तविक प्रभाव को समझने में और मदद मिलने की उम्मीद है।