×

Rakhi Sweets Special: जिम जाने वाले भाइयों के लिए बनाएं शुगर-फ्री Peanut Butter Ladoo, देखें पूरी रेसिपी

 

अगर आपके भाई को ज्यादा मीठा खाना पसंद नहीं है और रक्षाबंधन पर आप सोच रही हैं कि उनके लिए क्या खास बनाया जाए, तो अब टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। आप घर पर आसानी से पीनट बटर के लड्डू बना सकती हैं। यह रेसिपी मशहूर शेफ कुणाल कपूर ने शेयर की है। खास बात यह है कि इसे बनाने में न ज्यादा समय लगता है और न ही ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है।

इन लड्डुओं को बनाने के लिए बहुत कम सामग्री की जरूरत होती है और इन्हें बिना चूल्हा जलाए भी तैयार किया जा सकता है। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।

जरूरी सामग्री

  • भुनी हुई मूंगफली या पीनट बटर - 1 कप
  • कद्दूकस किया हुआ गुड़ या पिसी चीनी - आधा कप
  • कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल - 2 से 3 चम्मच

ऐसे बनाएं पीनट बटर के लड्डू

  1. अगर आप साबुत मूंगफली का इस्तेमाल कर रहे हैं तो सबसे पहले उसका छिलका निकाल लें।
  2. अब मिक्सी के जार में भुनी हुई मूंगफली, गुड़ और सूखा नारियल डालें।
  3. सभी चीजों को मिक्सी में लगातार चलाने के बजाय पल्स मोड पर दरदरा पीसें।
  4. मूंगफली से निकलने वाला प्राकृतिक तेल और गुड़ की नमी मिश्रण को बांधने के लिए काफी होती है। इसलिए इसमें अलग से दूध या घी डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
  5. जब मिश्रण हाथ में दबाने पर आसानी से इकट्ठा होने लगे तो इसे एक प्लेट में निकाल लें।
  6. अब मिश्रण की थोड़ी-थोड़ी मात्रा लेकर हाथों से गोल आकार के लड्डू बना लें।
  7. अगर मिश्रण बहुत सूखा लग रहा है और लड्डू नहीं बन रहे हैं, तो इसे मिक्सी में करीब 10 से 12 सेकंड और पीस लें। इससे मूंगफली का तेल बाहर आएगा और मिश्रण आसानी से बंध जाएगा।

बच्चों के लिए भी है बढ़िया स्नैक

पीनट बटर के ये लड्डू बनाने में आसान होने के साथ-साथ झटपट तैयार हो जाते हैं। इन्हें बच्चों के टिफिन में भी दिया जा सकता है या शाम के समय हल्की भूख लगने पर स्नैक के तौर पर खाया जा सकता है। रक्षाबंधन पर भाई के लिए कुछ अलग और घर पर बना हुआ तैयार करना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी ट्राई की जा सकती है।