×

Paneer Gatte Ki Sabzi: पारंपरिक गट्टे की सब्जी को दें पनीर का तड़का, स्वाद के साथ सेहत का भी रखें ख्याल

 

गट्टे की सब्जी राजस्थान के लोकप्रिय व्यंजनों में से एक है। बेसन से बने नरम गट्टे और मसालेदार, क्रीमी ग्रेवी का स्वाद इसे खास बनाता है। लेकिन अगर आप इस पारंपरिक डिश में कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो पनीर गट्टे की सब्जी बना सकते हैं।

इस रेसिपी में बेसन के गट्टों के अंदर पनीर की स्वादिष्ट फिलिंग भरी जाती है। बेसन और पनीर की यह कॉम्बिनेशन डिश को स्वाद के साथ-साथ प्रोटीन से भी भरपूर बनाती है। घर में मेहमान आने पर भी आप इस रेसिपी को बनाकर उन्हें कुछ अलग और खास सर्व कर सकते हैं।

इस खास रेसिपी को शेफ अरुणा विजय ने शेयर किया है, जो मास्टरशेफ इंडिया की फाइनलिस्ट रह चुकी हैं।

पनीर गट्टे बनाने के लिए सामग्री

गट्टे के आटे के लिए

  • 1 कप बेसन
  • 1 छोटा चम्मच अजवाइन
  • 1 छोटा चम्मच हींग
  • 1½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • स्वादानुसार नमक
  • 2 बड़े चम्मच तेल

पनीर की फिलिंग के लिए

  • 120 ग्राम कद्दूकस किया हुआ पनीर
  • स्वादानुसार नमक

ग्रेवी के लिए

  • 1 बड़ा चम्मच तेल
  • 2 तेजपत्ते
  • ½ छोटा चम्मच हींग
  • 2 सूखी लाल मिर्च
  • 1 छोटा चम्मच जीरा
  • ¾ कप फेंटा हुआ दही
  • 2½ छोटे चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • ½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
  • 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
  • स्वादानुसार नमक
  • थोड़ी कसूरी मेथी
  • करीब ¼ कप पानी

ऐसे बनाएं पनीर गट्टे

1. गट्टे का आटा तैयार करें

सबसे पहले एक बर्तन में बेसन लें। इसमें अजवाइन, हींग, लाल मिर्च पाउडर, नमक और तेल डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब जरूरत के अनुसार पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें।

2. तैयार करें पनीर की फिलिंग

कद्दूकस किए हुए पनीर में थोड़ा नमक डालें और हाथों से अच्छी तरह मसलकर एकसार कर लें। ध्यान रखें कि पनीर की फिलिंग बहुत ज्यादा गीली न हो।

3. बेसन में भरें पनीर

अब तैयार बेसन के आटे को बेलकर पतली रोटी जैसा आकार दें। इसके ऊपर पनीर की फिलिंग की एक समान पतली परत फैलाएं।

अब इसे सावधानी से रोल करते हुए लंबा रोल तैयार कर लें। तैयार रोल को करीब 2 इंच के छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।

4. गट्टों को करें स्टीम

एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसके ऊपर स्टीमर रखें। इसमें तैयार पनीर गट्टे के रोल्स रखें और करीब 10-12 मिनट तक स्टीम करें।

जब गट्टे अच्छी तरह पक जाएं, तो उन्हें बाहर निकालकर थोड़ी देर ठंडा होने दें।

5. तैयार करें मसालेदार ग्रेवी

अब कड़ाही में तेल गर्म करें। इसमें तेजपत्ता, जीरा, सूखी लाल मिर्च और हींग डालकर भूनें। इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालें।

अब फेंटा हुआ दही डालकर लगातार चलाते हुए मसाले के साथ अच्छी तरह पकाएं। दही डालते समय गैस की आंच को बहुत तेज न रखें, ताकि दही फटने से बचा रहे।

6. ग्रेवी में डालें पनीर गट्टे

जब मसाला अच्छी तरह पक जाए तो इसमें स्टीम किए हुए गट्टे डालें। जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर सब्जी को कुछ देर पकने दें।

गट्टों के ऊपर जब मसालेदार ग्रेवी अच्छी तरह लिपट जाए और सब्जी मनचाही कंसिस्टेंसी में आ जाए, तो गैस बंद कर दें। आखिर में ऊपर से कसूरी मेथी डालें।

गरमा-गरम पनीर गट्टे की सब्जी को फुल्के, रोटी या पराठे के साथ सर्व करें।

दही डालते समय रखें खास ध्यान

इस रेसिपी में दही ग्रेवी का स्वाद और टेक्सचर बढ़ाता है, लेकिन दही डालते समय थोड़ी सावधानी जरूरी है। दही को पहले अच्छी तरह फेंट लें और मसाले में डालने के बाद लगातार चलाते रहें।

गैस की आंच को मध्यम या धीमी रखना भी बेहतर रहेगा। इससे दही के फटने की संभावना कम हो सकती है। आप चाहें तो नमक दही के पूरी तरह मसाले में मिल जाने के बाद डाल सकते हैं।

मेहमानों के लिए है परफेक्ट डिश

अगर आप रोज बनने वाली गट्टे की सब्जी से कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो पनीर गट्टे एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं। बाहर से नरम बेसन के रोल और अंदर पनीर की फिलिंग, साथ में मसालेदार क्रीमी ग्रेवी इस डिश को खास बना देती है। त्योहार, फैमिली डिनर या घर आए मेहमानों के लिए इसे जरूर ट्राई किया जा सकता है।