Moong Dal Appe Recipe: बिना तेल-मसाले के 15 मिनट में बनाएं पौष्टिक मूंग दाल अप्पे, नोट करें आसान विधि
अगर आप रोज सुबह नाश्ते में कुछ नया और हेल्दी बनाने की सोचते हैं, तो मूंग दाल के अप्पे जरूर ट्राई करें। इन्हें बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और कम तेल में तैयार होने के कारण यह हल्का और पौष्टिक नाश्ता भी है। मूंग दाल प्रोटीन का अच्छा स्रोत मानी जाती है, जबकि सब्जियां इसमें स्वाद और पोषण दोनों बढ़ा देती हैं।
मूंग दाल के अप्पे के लिए सामग्री
- 1 कप पीली मूंग दाल, 2-3 घंटे या रातभर भिगोई हुई
- 2 बड़े चम्मच सूजी
- 1 बारीक कटा प्याज
- 1 बारीक कटी शिमला मिर्च
- 2-3 बारीक कटी हरी मिर्च
- 1 इंच अदरक, कद्दूकस किया हुआ
- ½ छोटा चम्मच जीरा
- ½ छोटा चम्मच राई
- ¼ छोटा चम्मच बेकिंग सोडा या ईनो
- स्वादानुसार नमक
- 2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
- 1-2 बड़े चम्मच तेल
मूंग दाल के अप्पे बनाने की विधि
स्टेप 1: मूंग दाल का बैटर तैयार करें
सबसे पहले भीगी हुई मूंग दाल का पानी निकाल लें। अब दाल को मिक्सर में डालें। इसमें अदरक, हरी मिर्च और थोड़ा पानी डालकर पीस लें। ध्यान रखें कि बैटर बहुत पतला न हो। इसका गाढ़ा और स्मूथ पेस्ट तैयार करें।
स्टेप 2: बैटर में मिलाएं सब्जियां
अब दाल के पेस्ट को एक बड़े बाउल में निकालें। इसमें सूजी डालकर अच्छी तरह फेंट लें। इसके बाद बारीक कटा प्याज, शिमला मिर्च, जीरा, हरा धनिया और स्वादानुसार नमक डालें।
सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर एक समान बैटर तैयार कर लें।
स्टेप 3: अप्पे को स्पंजी बनाने के लिए डालें ईनो
अप्पे बनाने से ठीक पहले बैटर में बेकिंग सोडा या ईनो डालें। इसके ऊपर कुछ बूंद पानी डालकर हल्के हाथों से एक ही दिशा में मिलाएं। इससे बैटर हल्का फूल जाएगा और अप्पे अंदर से सॉफ्ट और स्पंजी बनेंगे।
स्टेप 4: अप्पे पैन में डालें बैटर
अब गैस पर अप्पे पैन रखें और उसे अच्छी तरह गर्म होने दें। पैन के सभी सांचों में थोड़ा-थोड़ा तेल लगाकर चिकना कर लें।
इसके बाद प्रत्येक सांचे में करीब एक चम्मच बैटर डालें। ध्यान रखें कि सांचे को पूरी तरह न भरें, क्योंकि पकने के दौरान अप्पे थोड़े फूलेंगे।
स्टेप 5: दोनों तरफ से पकाएं
अब अप्पे पैन को ढक्कन से ढक दें और धीमी से मध्यम आंच पर करीब 3-4 मिनट तक पकाएं।
जब अप्पे नीचे से सुनहरे और हल्के क्रिस्पी हो जाएं, तो चम्मच की मदद से उन्हें पलट दें। दूसरी तरफ से भी करीब 2-3 मिनट तक बिना ढके सेंकें।
जब दोनों तरफ से अप्पे अच्छी तरह सुनहरे हो जाएं, तो इन्हें प्लेट में निकाल लें।
ऐसे करें सर्व
गरमा-गरम मूंग दाल के अप्पे को हरी चटनी, नारियल चटनी या टमाटर सॉस के साथ सर्व करें। सुबह के नाश्ते के अलावा इन्हें बच्चों के टिफिन या शाम के हल्के स्नैक के तौर पर भी परोसा जा सकता है।