घर पर ही बनाएं बेकरी जैसी हेल्दी ओट्स और सीड्स ब्रेड, बिना मैदे के ऐसे करें तैयार
ब्रेड आज हमारी रोजमर्रा की खाने की आदतों का हिस्सा बन चुकी है। सुबह जल्दी में नाश्ता करना हो तो सैंडविच, टोस्ट या ब्रेड रोल मिनटों में तैयार हो जाते हैं। वहीं शाम की चाय के साथ भी ब्रेड का इस्तेमाल खूब किया जाता है। लेकिन बाजार में मिलने वाली कई ब्रेड मैदे से तैयार होती हैं, इसलिए अगर आप हेल्दी विकल्प तलाश रहे हैं तो घर पर ब्रेड बनाना एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है।आज हम आपको ऐसी ब्रेड की रेसिपी बता रहे हैं, जिसमें मैदे की जगह ओट्स और मिक्स सीड्स का इस्तेमाल किया जाता है। इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है और इसकी बनावट भी काफी सॉफ्ट और जालीदार रहती है। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।
ओट्स ब्रेड बनाने के लिए सामग्री
-
2 कप रोल्ड ओट्स
-
आधा कप मिक्स सीड्स- कद्दू के बीज, सूरजमुखी के बीज, चिया सीड्स और अलसी
-
1 बड़ा चम्मच बेकिंग पाउडर
-
आधा छोटा चम्मच बेकिंग सोडा
-
1 कप ताजा दही
-
2 बड़े चम्मच ऑलिव ऑयल या कोई अन्य कुकिंग ऑयल
-
स्वादानुसार नमक
-
जरूरत के अनुसार थोड़ा गुनगुना पानी
कैसे बनाएं ओट्स ब्रेड?
1. ओट्स का आटा तैयार करें
सबसे पहले रोल्ड ओट्स को मिक्सी में डालकर बारीक पीस लें। तैयार ओट्स पाउडर को एक बड़े बाउल में निकालें। अब इसमें बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा और स्वादानुसार नमक डालें।
इसके बाद मिक्स सीड्स डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। हालांकि, ऊपर से डालने के लिए थोड़े से सीड्स अलग निकालकर रख लें।
2. तैयार करें ब्रेड का बैटर
अब ओट्स के मिश्रण में ताजा दही और ऑलिव ऑयल डालें। इसे अच्छी तरह मिलाएं। इस मिश्रण को मैदे की तरह ज्यादा गूंथने की जरूरत नहीं है।
अगर बैटर बहुत ज्यादा सूखा लगे तो इसमें थोड़ा-थोड़ा करके गुनगुना पानी मिलाएं। ध्यान रखें कि बैटर न तो बहुत पतला हो और न ही बहुत सख्त। इसका टेक्सचर गाढ़ा और हल्का चिपचिपा होना चाहिए।
3. ब्रेड टिन में डालें मिश्रण
अब एक ब्रेड टिन लें और उसके अंदर हल्का सा तेल लगाएं। इसके बाद बटर पेपर बिछा दें, ताकि ब्रेड आसानी से बाहर निकल सके।
तैयार बैटर को ब्रेड टिन में डालकर चम्मच या स्पैचुला की मदद से ऊपर से बराबर कर दें। अब बचे हुए मिक्स सीड्स को ब्रेड के ऊपर फैला दें। इन्हें हल्के हाथ से दबा दें, ताकि बेक होने के दौरान सीड्स ऊपर से अलग न हों।
4. ओवन में करें बेक
ब्रेड को बेक करने से पहले ओवन को 180 डिग्री सेल्सियस पर करीब 10 मिनट तक प्रीहीट कर लें। इसके बाद ब्रेड टिन को ओवन में रखें और लगभग 40 से 45 मिनट तक बेक करें।
करीब 40 मिनट बाद टूथपिक या चाकू की मदद से ब्रेड को चेक करें। अगर टूथपिक साफ बाहर निकलती है और उस पर बैटर चिपका नहीं है, तो समझिए ब्रेड अच्छी तरह बेक हो चुकी है।
5. ठंडा होने के बाद काटें
ब्रेड को ओवन से निकालने के बाद तुरंत स्लाइस में काटने की गलती न करें। पहले इसे ब्रेड टिन से निकालकर वायर रैक पर रखें और पूरी तरह ठंडा होने दें।
ठंडा होने के बाद इसे अपनी पसंद के हिसाब से स्लाइस में काटें। आपकी घर पर बनी सॉफ्ट और जालीदार ओट्स ब्रेड तैयार है।
इसे आप पीनट बटर, एवोकाडो, सब्जियों या अपनी पसंद की किसी अन्य हेल्दी चीज के साथ खा सकते हैं। घर पर बनी होने की वजह से इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री पर भी आपका पूरा नियंत्रण रहता है।