☰
×

Karwa Chauth 2026: व्रत खोलने के बाद बनाएं रबड़ी जैसी गाढ़ी खीर, स्वाद ऐसा कि हर कोई करेगा तारीफ

 

करवा चौथ सुहागिन महिलाओं के लिए आस्था, प्रेम और समर्पण का खास त्योहार है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए निर्जला व्रत रखती हैं। पूरे दिन उपवास करने के बाद शाम को चांद के दर्शन, पूजा और अर्घ्य देने के बाद व्रत खोला जाता है। इस खास मौके पर घर में स्वादिष्ट पकवान और मिठाइयां बनाने का भी विशेष महत्व होता है।

अगर आप इस करवा चौथ पर मीठे में कुछ खास बनाना चाहती हैं, तो रबड़ी जैसी गाढ़ी और मलाईदार चावल की खीर एक बेहतरीन विकल्प है। दूध, चावल, केस और ड्राई फ्रूट्स से तैयार होने वाली यह खीर स्वाद में लाजवाब होती है। इसकी खासियत है कि इसे धीमी आंच पर पकाने से दूध गाढ़ा हो जाता है और खीर को रबड़ी जैसा मलाईदार स्वाद मिलता है। आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने की आसान रेसिपी।

रबड़ी जैसी खीर बनाने के लिए जरूरी सामग्री

इस स्वादिष्ट खीर को बनाने के लिए आपको कुछ सामान्य सामग्री की जरूरत होगी।

  • 1 लीटर फुल क्रीम दूध

  • 1/4 कप छोटे दाने वाले चावल

  • 1/2 कप चीनी

  • 2-3 चम्मच गर्म दूध में भिगोए हुए केसर के धागे

  • आधा चम्मच इलायची पाउडर

  • बारीक कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता

  • स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़े से अतिरिक्त ड्राई फ्रूट्स

रबड़ी जैसी गाढ़ी और मलाईदार खीर बनाने की विधि

स्टेप 1: चावल को भिगोएं

सबसे पहले चावल को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। इसके बाद इन्हें करीब 20 से 30 मिनट तक पानी में भिगोकर रख दें। इससे चावल जल्दी पकेंगे और खीर की बनावट भी अच्छी बनेगी।

स्टेप 2: दूध को धीमी आंच पर पकाएं

अब एक भारी तले वाला बर्तन लें और उसमें फुल क्रीम दूध डालकर उबालें। दूध में पहला उबाल आने के बाद गैस की आंच धीमी कर दें। भीगे हुए चावलों का पानी निकालकर उन्हें दूध में डाल दें। खीर को धीमी आंच पर पकने दें और बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि दूध बर्तन के तले में न लगे।

स्टेप 3: दूध की मलाई से लाएं रबड़ी जैसा स्वाद

जब चावल पकने लगें, तो दूध धीरे-धीरे गाढ़ा होने लगेगा। बर्तन के किनारों पर जमने वाली मलाई को चम्मच से खुरचकर दूध में मिलाते रहें। यही तरीका खीर को गाढ़ा और मलाईदार बनाने में मदद करेगा। ध्यान रखें कि खीर को जल्दबाजी में तेज आंच पर न पकाएं।

स्टेप 4: केसर और ड्राई फ्रूट्स मिलाएं

जब चावल अच्छी तरह गल जाएं और दूध गाढ़ा हो जाए, तब इसमें केसर वाला दूध और कटे हुए काजू, बादाम व पिस्ता डाल दें। इसे करीब 5 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। केसर से खीर में हल्का सुनहरा रंग और शानदार खुशबू आएगी।

स्टेप 5: चीनी और इलायची डालकर करें तैयार

अब खीर में चीनी और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसे 2 से 3 मिनट तक और पकने दें, ताकि चीनी पूरी तरह घुल जाए। इसके बाद गैस बंद कर दें। ध्यान रखें कि ठंडा होने पर खीर और भी गाढ़ी हो जाती है, इसलिए दूध को जरूरत से ज्यादा न सुखाएं।

करवा चौथ पर इस खीर को ऐसे करें सर्व

जब खीर थोड़ी ठंडी हो जाए, तो इसे कटे हुए पिस्ता, बादाम और काजू से सजाएं। आप चाहें तो इसे गर्मागर्म या ठंडा करके भी परोस सकती हैं। अगर आपको रबड़ी जैसी गाढ़ी खीर पसंद है, तो इसे धीमी आंच पर थोड़ा अधिक समय तक पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें।

करवा चौथ पर पूजा के बाद परिवार के साथ इस स्वादिष्ट मिठाई का आनंद लिया जा सकता है। दूध, चावल, केसर और मेवों से बनी यह मलाईदार खीर त्योहार की मिठास को और बढ़ा देगी।