Diwali Special Recipe: बाजार जैसी एकदम सॉफ्ट और शाइनी काजू कतली घर पर बनाने का आसान तरीका, स्वाद ऐसा कि सब तारीफ करेंगे
दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही घरों में मिठाइयों की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। इस मौके पर काजू कतली का स्वाद भला कौन भूल सकता है। बच्चों से लेकर बड़ों तक, लगभग हर किसी को यह मिठाई पसंद आती है। हालांकि, त्योहारों के दौरान बाजार में मिलने वाली मिठाइयों में मिलावट की आशंका भी लोगों को परेशान करती है।
ऐसे में अगर आप भी काजू कतली खाने के शौकीन हैं, तो इस बार इसे घर पर ही तैयार कर सकते हैं। खास बात यह है कि इसे बनाना उतना मुश्किल नहीं है, जितना अक्सर लोग समझते हैं। सही तरीका अपनाकर आप घर पर ही हलवाई जैसी स्वादिष्ट काजू कतली बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।
काजू कतली बनाने के लिए सामग्री
-
300 ग्राम काजू
-
300 ग्राम चीनी
-
150 मिलीलीटर पानी
-
1 बड़ा चम्मच घी
-
आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर (वैकल्पिक)
-
चांदी का वर्क (वैकल्पिक)
घर पर काजू कतली बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले काजू को मिक्सर जार में डालकर थोड़ा-थोड़ा पीस लें। ध्यान रखें कि मिक्सर को लगातार न चलाएं। बीच-बीच में रोककर चलाने से काजू का तेल निकलने की आशंका कम रहती है। अब तैयार काजू पाउडर को छलनी से छान लें, ताकि उसमें मोटे टुकड़े न रहें और मिश्रण अच्छी तरह स्मूद बने।
इसके बाद एक कड़ाही या पैन में चीनी और पानी डालकर गर्म करें। चीनी पूरी तरह घुलने के बाद चाशनी को कुछ देर पकाएं। जब चाशनी में एक तार बनने लगे, तब इसमें घी डालकर अच्छी तरह मिला दें।
अब धीरे-धीरे काजू पाउडर डालें और लगातार चलाते रहें, ताकि गांठें न बनें। चाहें तो इसमें इलायची पाउडर भी मिला सकते हैं। मिश्रण को धीमी आंच पर करीब 2-3 मिनट तक पकाएं। जब यह गाढ़ा होकर एकसार होने लगे और पैन छोड़ने लगे, तब गैस बंद कर दें।
कैसे पहचानें कि काजू कतली का मिश्रण तैयार है?
मिश्रण सही तरीके से पका है या नहीं, यह जानने के लिए थोड़ा-सा मिश्रण एक प्लेट में निकालें और ठंडा होने दें। अब इसे उंगलियों से दबाकर देखें। अगर यह आसानी से छोटी-सी लोई का आकार बना लेता है और हाथों पर ज्यादा चिपकता नहीं है, तो समझिए मिश्रण तैयार है।इसके बाद मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। हल्का गुनगुना रहने पर इसे घी लगी प्लेट या साफ सतह पर निकालकर अच्छी तरह गूंथ लें। ध्यान रखें कि मिश्रण बहुत गर्म न हो। अब बेलन की मदद से इसे अपनी पसंद की मोटाई में बेल लें।
ऐसे दें काजू कतली को डायमंड शेप
जब मिश्रण अच्छी तरह बेल जाए, तो चाहें तो इसके ऊपर चांदी का वर्क लगा दें। अब इसे कुछ घंटों के लिए सेट होने दें। इसके बाद चाकू से पहले सीधी और फिर तिरछी कटिंग करें, जिससे काजू कतली को पारंपरिक डायमंड शेप मिल जाएगी।
बस तैयार है आपकी घर पर बनी स्वादिष्ट काजू कतली। इसे एयरटाइट डिब्बे में रखें और परिवार के साथ दिवाली पर इसका आनंद लें।
छोटी-सी टिप: काजू पीसते समय मिक्सर को लगातार न चलाएं और मिश्रण को जरूरत से ज्यादा न पकाएं। इससे काजू कतली का टेक्सचर बेहतर रखने में मदद मिलेगी।