Yogi Adityanath: CM योगी हर हफ्ते क्यों लिखते हैं पाती? 50 सप्ताह पूरे होने पर खुद बताई इसकी खास वजह
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हर सप्ताह प्रदेश की जनता के नाम एक पत्र लिखते हैं, जिसे 'पाती' नाम दिया गया है। इस साप्ताहिक संवाद के 50 सप्ताह पूरे हो चुके हैं। अब मुख्यमंत्री ने अपनी नई पाती के जरिए बताया है कि आखिर वह नियमित रूप से प्रदेशवासियों को पत्र क्यों लिखते हैं। उन्होंने इसके पीछे वनटांगिया गांव से जुड़ा एक पुराना अनुभव साझा किया और कहा कि इस पहल का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच अपनत्व और संवाद को मजबूत करना है।
सीएम योगी ने अपनी पाती में लिखा कि प्रदेशवासियों से संवाद करते हुए 50 सप्ताह कब पूरे हो गए, इसका पता ही नहीं चला। उन्होंने कहा कि कई लोगों के मन में यह सवाल उठता होगा कि वह हर सप्ताह पत्र लिखकर जनता से संवाद क्यों करते हैं। इसकी प्रेरणा उन्हें अपने एक पुराने अनुभव से मिली थी।
वनटांगिया गांव के दौरे से मिली पाती लिखने की प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्हें आज भी पहली बार वनटांगिया गांव जाने का अनुभव याद है। वहां उन्होंने कोल, गोंड, मुसहर, थारू और बुक्सा जैसे वंचित समुदायों के लोगों की बदहाल स्थिति देखी थी। इन समुदायों के लोग लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं से वंचित थे। उनकी परेशानियों को देखकर वह काफी व्यथित हुए थे।
योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, उस समय उन्हें महसूस हुआ कि शासन का काम केवल योजनाएं बनाना और उपलब्धियां गिनाना नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना भी है। कई बार जरूरतमंद लोगों की समस्याएं और अपेक्षाएं शासन तक नहीं पहुंच पातीं। इसी अनुभव ने उन्हें सरकार और जनता के बीच लगातार संवाद बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
सरकार और जनता के बीच अपनत्व का रिश्ता
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश उनके लिए केवल एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि एक परिवार है। परिवार में आदेश देने के बजाय अपनत्व और विश्वास के साथ बातचीत की जाती है। उनकी कोशिश रहती है कि पाती के माध्यम से ऐसे मुद्दों पर चर्चा हो, जिनका सीधा संबंध लोगों के जीवन, उनकी आकांक्षाओं और प्रदेश के भविष्य से है।
उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में लिखे गए पत्र उनके लिए केवल व्यक्तिगत विचारों की अभिव्यक्ति नहीं रहे हैं। इनके जरिए प्रदेश की जनभावनाओं को समझने, उन्हें आवाज देने और लोगों के सामने एक व्यापक दृष्टिकोण रखने का अवसर मिला है।
जनता के सुझावों को भी पाती में मिलेगी जगह
मुख्यमंत्री ने अपनी पाती में प्रदेशवासियों से अपील की कि यह संवाद केवल उनके विचारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसमें आम लोगों की अपेक्षाओं, सुझावों और भावनाओं को भी बराबर जगह मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि इस संवाद की पहुंच उत्तर प्रदेश की सीमाओं से बाहर देश के दूसरे हिस्सों तक भी हुई है। योगी ने लोगों से इस संवाद श्रृंखला को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, विचारों की यह साझेदारी सरकार और समाज के बीच विश्वास का सेतु बन सकती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से मिलकर ऐसे उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की, जो आर्थिक समृद्धि में आगे हो और अपने संस्कारों के लिए भी पहचाना जाए।