UP Voter List 2027: यूपी में 20 लाख नए वोटर जुड़े, 17 नवंबर को आएगी ड्राफ्ट लिस्ट; ऐसे चेक करें अपना नाम
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। पिछले सात महीनों में प्रदेश की वोटर लिस्ट में करीब 20 लाख नए मतदाता जोड़े गए हैं। अप्रैल 2026 में जहां मतदाताओं की संख्या 13.39 करोड़ थी, वहीं नवंबर तक यह बढ़कर लगभग 13.59 करोड़ पहुंच गई है। चुनाव आयोग की ओर से अभी भी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के तहत 17 नवंबर को उत्तर प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी। इसके बाद लोग अपने नाम के साथ परिवार के अन्य सदस्यों का नाम भी सूची में जांच सकेंगे। जिन पात्र नागरिकों का नाम वोटर लिस्ट में नहीं होगा, वे फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह प्रक्रिया 16 दिसंबर तक चलेगी।
18 साल के होने वाले युवा भी कर सकेंगे आवेदन
एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवा भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। निर्वाचन विभाग का लक्ष्य है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सभी पात्र नागरिकों के नाम वोटर लिस्ट में दर्ज हों।
नवंबर में चार दिन चलेगा विशेष अभियान
मतदाता पंजीकरण को बढ़ावा देने के लिए निर्वाचन विभाग ने नवंबर में चार विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए हैं। इसके तहत 21 और 22 नवंबर के बाद 28 और 29 नवंबर को भी प्रदेश के सभी 1.73 लाख पोलिंग बूथों पर अभियान चलाया जाएगा।
इन दिनों बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहेंगे। वे नए मतदाताओं के आवेदन प्राप्त करने के साथ ही मतदाता सूची से जुड़े दावे और आपत्तियां भी लेंगे। विभाग की कोशिश है कि कोई भी पात्र नागरिक वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
विधानसभा और पंचायत वोटर लिस्ट के आंकड़ों में बड़ा अंतर
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद विधानसभा और पंचायत व नगर निकाय की मतदाता सूचियों के आंकड़ों में बड़ा अंतर सामने आया है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, पंचायत और निकाय की सूची की तुलना में विधानसभा की मतदाता सूची में करीब 2.38 करोड़ कम मतदाता दर्ज हैं।
इस अंतर को देखते हुए निर्वाचन विभाग उन जिलों में तीनों मतदाता सूचियों का बूथ स्तर पर मिलान करा रहा है, जहां आंकड़ों में अंतर पाया गया है। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ भी समन्वय किया जा रहा है, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जा सकें।
गाजियाबाद में करीब 10 लाख पात्र मतदाता सूची से बाहर
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने गाजियाबाद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की समीक्षा के दौरान बताया कि जिले की मतदाता सूची में 23 लाख से अधिक नाम दर्ज हैं। वहीं, अनुमान के मुताबिक करीब 10 लाख पात्र नागरिक अभी भी मतदाता सूची से बाहर हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। नवदीप रिणवा ने नागरिकों से भी अपील की कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जरूर जांचें। उन्होंने स्पष्ट किया कि वोटर लिस्ट में नाम अपने आप नहीं जुड़ता, इसके लिए पात्र नागरिक को आवेदन करना जरूरी है।