UP Politics: यूपी चुनाव से पहले CM योगी का डिजिटल अटैक! इंस्टाग्राम पर पोस्ट की रील्स, विरोधियों में खलबली
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों सोशल मीडिया पर अपने नए अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। सीएम योगी ने करीब 3 घंटे के भीतर लगातार दूसरी Instagram Reel पोस्ट की है। मथुरा दौरे से पहले पोस्ट की गई इस रील में मुख्यमंत्री ने लिखा, “राधे-राधे, मैं ब्रज की पावन धरा पर पहुंच रहा हूं। जन्माष्टमी की शुभकामनाएं।”
इससे पहले जब मुख्यमंत्री बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करने के लिए फर्रूखाबाद जा रहे थे, तब भी उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। लगातार वीडियो और रील पोस्ट करने के इस अंदाज को युवाओं और खासकर Gen Z तक अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
जन्माष्टमी पर ब्रज को 1051 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर ब्रज क्षेत्र को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। मथुरा दौरे के दौरान करीब 1051 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा।
इनमें 540 करोड़ रुपये से अधिक की 62 परियोजनाओं का लोकार्पण होगा। इन योजनाओं से शहर के बुनियादी ढांचे, सुविधाओं और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री करीब 437 करोड़ रुपये की 167 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।
आवास योजना के लाभार्थियों को मिलेगी सहायता
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को 72 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि वितरित करेंगे।
इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाबी, चेक और प्रमाण पत्र भी सौंपे जाएंगे।
श्री स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का करेंगे लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मथुरा प्रवास विकास कार्यों के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से भी जुड़ा रहेगा। तय कार्यक्रम के मुताबिक 3 सितंबर को दोपहर मुख्यमंत्री का राजकीय हेलीकॉप्टर वृंदावन स्थित पवनहंस हेलीपैड पर पहुंचेगा।
इसके बाद वह गीता शोध संस्थान जाएंगे और नवनिर्मित अत्याधुनिक ‘श्री स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह’ का लोकार्पण करेंगे। इस प्रेक्षागृह में करीब 1,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रो-पुअर प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे, पौधारोपण करेंगे और संतों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और प्रमाण पत्र वितरित करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
‘कान्हा भक्ति स्तम्भ मार्ग’ का भी करेंगे अवलोकन
समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री वृंदावन के होटल विवांता में आयोजित ‘पंचायत आज तक’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद वह वृंदावन में विकसित किए गए ‘कान्हा भक्ति स्तम्भ मार्ग’ का भ्रमण और निरीक्षण करेंगे।
दिनभर के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री मथुरा स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय पहुंचेंगे और परिसर के अशोका अतिथि गृह में रात्रि विश्राम करेंगे।
4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचेंगे सीएम योगी
मुख्यमंत्री के मथुरा दौरे का दूसरा दिन भी धार्मिक कार्यक्रमों से जुड़ा रहेगा। 4 सितंबर की सुबह सीएम योगी श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर पहुंचेंगे।
यहां सबसे पहले वह गो पूजन करेंगे। इसके बाद मुख्य मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। धार्मिक कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री का प्रस्थान कार्यक्रम निर्धारित है।
इस तरह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह मथुरा दौरा जन्माष्टमी, धार्मिक आस्था और बड़े विकास कार्यों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।