UP Politics: 2027 चुनाव से पहले सीटों पर मंथन, प्रमोद तिवारी के आवास पर जुटे कांग्रेस नेता
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की तैयारियां तेज हो गई हैं। दोनों दलों ने सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय करने के लिए बातचीत शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई। पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और सपा के साथ सीटों के तालमेल पर चर्चा की गई।
बैठक में कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी सहित पार्टी के अन्य नेता शामिल हुए। माना जा रहा है कि कांग्रेस की टीम सपा के साथ होने वाली बातचीत से पहले अपनी मांगों और संभावित सीटों को लेकर रणनीति तैयार कर रही है।
23 और 24 नवंबर को होगी सीट बंटवारे पर बातचीत
उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच 23 और 24 नवंबर को दिल्ली में पहले दौर की बातचीत होनी है। दोनों दलों की ओर से इसके लिए अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं।
समाजवादी पार्टी की ओर से राम गोपाल यादव के नेतृत्व में चार सदस्यीय समिति बनाई गई है। इसमें प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद राजीव राय और इकरा हसन शामिल हैं।
वहीं कांग्रेस की बातचीत में राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा, इमरान मसूद और केसी वेणुगोपाल सहित वरिष्ठ नेताओं की भूमिका रहने की संभावना है।
सीटों की संख्या पर भी रहेगी नजर
सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच कितनी सीटों पर सहमति बनती है, यह बातचीत का अहम मुद्दा होगा। इससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दावा किया था कि कांग्रेस ने 181 सीटों की मांग रखी है। हालांकि, कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि वह सम्मानजनक सीट हिस्सेदारी चाहती है और गठबंधन को लेकर बातचीत के लिए तैयार है।
सपा की ओर से सीटों के चयन में संबंधित विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की स्थिति और चुनाव जीतने की संभावना को प्रमुख आधार बनाए जाने की बात कही गई है।
फिलहाल, दोनों दलों की बैठकों पर राजनीतिक नजरें टिकी हैं। दिल्ली में होने वाली बातचीत से यह स्पष्ट हो सकता है कि यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन का स्वरूप और सीट बंटवारे की दिशा क्या होगी।