☰
×

यूपी चुनाव 2027: सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर पहली बैठक, कांग्रेस ने सौंपी 130 सीटों की लिस्ट, अखिलेश यादव लेंगे अंतिम फैसला

 

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत शुरू हो गई है। सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के नेताओं की अहम बैठक हुई। इस बैठक में कांग्रेस ने अपनी सीटों को लेकर दावेदारी पेश की और करीब 130 विधानसभा सीटों की सूची समाजवादी पार्टी के नेताओं को सौंपी।

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने प्रदेश के लगभग सभी जिलों में चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। पार्टी सैफई को छोड़कर करीब-करीब हर जिले में कम से कम एक सीट चाहती है। इसके अलावा कांग्रेस ने अमेठी और रायबरेली की सभी विधानसभा सीटों पर भी अपना दावा पेश किया है।

बैठक में कौन-कौन नेता हुए शामिल?

प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई इस बैठक में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। कांग्रेस की ओर से यूपी प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, सांसद इमरान मसूद और वीरेंद्र चौधरी शामिल हुए।

वहीं, समाजवादी पार्टी की तरफ से राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन मौजूद रहीं। बैठक में सपा की ओर से डेटा एक्सपर्ट भी शामिल हुए, जिन्होंने विधानसभा सीटों से जुड़े आंकड़ों और चुनावी समीकरणों पर चर्चा की।

करीब 15 मिनट चली पहली बैठक

जानकारी के मुताबिक, समाजवादी पार्टी के नेता सुबह करीब 11:50 बजे प्रमोद तिवारी के आवास पहुंचे। वहां कांग्रेस के नेता पहले से मौजूद थे। बैठक शुरू होते ही रामगोपाल यादव ने कांग्रेस नेताओं से उनकी तैयारियों के बारे में पूछा। इसके बाद कांग्रेस की तरफ से सीटों की सूची सपा नेताओं को सौंप दी गई।

सपा नेताओं ने कहा कि वे इस सूची पर पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से चर्चा करेंगे। इसके बाद आगे की बातचीत की जाएगी। शुरुआती बैठक करीब 15 मिनट चली और दोनों दलों के नेता बाहर आ गए।

अखिलेश यादव से चर्चा के बाद होगी अगली बैठक

सीटों के बंटवारे पर अंतिम सहमति बनाने से पहले समाजवादी पार्टी के नेता कांग्रेस की मांगों को लेकर अखिलेश यादव से बातचीत करेंगे। इसके बाद मंगलवार को दोनों दलों के बीच एक बार फिर बैठक प्रस्तावित है।

दोनों पार्टियों की ओर से फिलहाल बातचीत को सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण बताया गया है। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने भी कहा कि बातचीत अच्छे माहौल में हुई है और आगे भी चर्चा जारी रहेगी।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 403 विधानसभा सीटों के लिए 2027 में चुनाव होने हैं। सपा और कांग्रेस INDIA गठबंधन के तहत मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं। ऐसे में दोनों दलों के बीच सीटों का बंटवारा गठबंधन की आगे की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।