ISI के निशाने पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, खतरे को देखते हुए केंद्र ने दी Z+ सिक्योरिटी
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मध्य प्रदेश के DGP को एक चिट्ठी भेजी है जिसमें कहा गया है कि शिवराज सिंह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के निशाने पर हैं। ISI शिवराज सिंह चौहान के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रही थी। यह फैसला गृह मंत्रालय से मिले इनपुट के बाद लिया गया।
शिवराज सिंह चौहान के घर पर कड़ी सुरक्षा तैनात
भोपाल के 74 बंगलों में शिवराज सिंह चौहान के B-8 आवास के चारों ओर अतिरिक्त बैरिकेड लगाए गए हैं। दिल्ली में उनके सरकारी आवास पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जानकारी मिली है कि ISI शिवराज सिंह चौहान में दिलचस्पी दिखा रही है। उनके पास पहले से ही Z+ सुरक्षा थी, लेकिन अब उनकी सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। इनपुट मिलते ही स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों शहरों में चौहान की सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया। शुक्रवार देर रात भोपाल स्थित उनके बंगले के बाहर बढ़ी हुई सुरक्षा देखी गई।
गृह मंत्रालय ने सख्त आदेश जारी किए
गृह मंत्रालय ने संबंधित एजेंसियों और मध्य प्रदेश के DGP को आदेश दिया है कि सुरक्षा में कोई चूक न हो। मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव को भी हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है। दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर (सुरक्षा) को भी निर्देश जारी किए गए हैं।
ISI की शिवराज सिंह में दिलचस्पी
बढ़ी हुई सुरक्षा के संबंध में गृह मंत्रालय की चिट्ठी के अनुसार, ISI ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बारे में जानकारी इकट्ठा करने में दिलचस्पी दिखाई है। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी के साथ सलाह-मशविरा करके केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई है। चिट्ठी में कहा गया है कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को उचित रूप से समायोजित किया जाना चाहिए।