☰
×

Tirupparankundram Deepam Row: दीप जलाने के विवाद पर तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में मांगी माफी, अधिकारियों पर अवमानना की मांग

 

तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद दीपथून यानी पत्थर के स्तंभ पर दीप नहीं जलाए जाने के मामले में राज्य सरकार ने बुधवार को अदालत में माफी मांगी। मदुरै कलेक्टर ने कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर बताया कि सरकार ने दीप जलाने की कोशिश की थी, लेकिन मंदिर प्रशासन ने इसका विरोध किया।

कलेक्टर के मुताबिक, मंदिर प्रशासन का कहना था कि दीपथून पर दीप जलाना स्थापित परंपराओं और धार्मिक रीति-रिवाजों के खिलाफ है। इसी वजह से दीप केवल उचि पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर जलाया गया।

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को आदेश दिया था कि कार्तिक पूर्णिमा यानी 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाया जाए। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि राज्य सरकार ने जानबूझकर आदेश का पालन नहीं किया। याचिकाकर्ता राम रविकुमार की ओर से पेश वकीलों ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई की मांग की। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इसके लिए औपचारिक याचिका दाखिल करनी होगी। याचिका आने के बाद अदालत उचित आदेश देगी।

राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से मांगी रिपोर्ट

विवाद के बीच तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने भी राज्य सरकार से जवाब मांगा है। उन्होंने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से पूरे मामले पर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है।

BJP और हिंदू संगठनों के 300 सदस्यों पर केस

कार्तिगई दीपम विवाद को लेकर मंगलवार को भाजपा और विभिन्न हिंदू संगठनों ने राज्य के कई हिस्सों में प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब 300 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए।

रामनाथपुरम में हिंदू फ्रंट के सदस्यों ने सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। वहीं, पोल्लाची में हिंदू मुन्नानी के सदस्यों ने भी विरोध प्रदर्शन किया।

लगातार दूसरे दिन पहाड़ी पर आम लोगों की एंट्री बंद

विवाद और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बुधवार को लगातार दूसरे दिन श्रद्धालुओं और आम लोगों को तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर जाने से रोका गया। पलानी अंडावर मंदिर के प्रवेश द्वार के पास भारी पुलिस बल तैनात किया गया और पहाड़ी की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई।

यह सुरक्षा व्यवस्था 23 नवंबर की शाम 6 बजे से लागू है। सुप्रीम कोर्ट ने दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति देते हुए आम लोगों, जुलूस और भीड़ को वहां जाने से रोकने का निर्देश दिया था, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

मंदिर और दरगाह के बीच लंबे समय से विवाद

तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून पर दीप जलाने को लेकर अरुलमिगु सुब्रमणिया स्वामी मंदिर और सिकंदर बदूशा दरगाह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। मंदिर पहाड़ी के नीचे है, जबकि दरगाह और दीपथून पहाड़ी पर स्थित हैं।

हिंदू संगठन कार्तिगई दीपम के अवसर पर दीपथून पर दीप जलाने की मांग करते रहे हैं। वहीं, दरगाह के पास होने के कारण इस मांग का विरोध भी होता रहा है। पुराने अदालती रिकॉर्ड के अनुसार, 1862 और 1912 में भी दीपथून पर दीप जलाने की कोशिश हुई थी, लेकिन अधिकारियों ने इसकी अनुमति नहीं दी थी।

सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को इस साल 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने की एक बार की अनुमति दी थी। आदेश के मुताबिक, मंदिर प्रशासन की टीम अधिकारियों की निगरानी में दीप जलाती और आम लोगों को वहां जाने की अनुमति नहीं होती। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया था कि यह अनुमति केवल इस साल के लिए है और इससे भविष्य के लिए कोई परंपरागत या कानूनी अधिकार स्थापित नहीं होगा।

पहाड़ी के मालिकाना हक को लेकर भी पुराना मामला

इस विवाद की जड़ें केवल दीप जलाने तक सीमित नहीं हैं। पहाड़ी के मालिकाना हक और धार्मिक अधिकारों को लेकर भी लंबे समय से कानूनी लड़ाई चलती रही है।

• 1923: एक सब-कोर्ट ने पहाड़ी का मालिकाना हक मंदिर को दिया था। हालांकि, दरगाह की जगह, वहां तक जाने वाली सीढ़ियों और नेल्लीथोपे क्षेत्र पर मुस्लिम समुदाय के अधिकार को भी मान्यता दी गई थी।

• 1926: मद्रास हाईकोर्ट ने सब-कोर्ट के फैसले को पलट दिया।

• 1931: लंदन की प्रिवी काउंसिल ने मंदिर की अपील पर 1923 के फैसले को बहाल कर दिया। इसमें पहाड़ी मंदिर के अधिकार में मानी गई, जबकि दरगाह और वहां तक जाने के रास्ते के अधिकार सुरक्षित रखे गए।

• 1996: मद्रास हाईकोर्ट ने मंदिर प्रशासन को पारंपरिक स्थान के अलावा पहाड़ी पर किसी अन्य जगह दीप जलाने पर विचार करने की अनुमति दी थी। इसके लिए धार्मिक विभाग की मंजूरी और दरगाह से तय दूरी जैसी शर्तें रखी गई थीं।

अब सुप्रीम कोर्ट में आगे क्या होगा?

मदुरै कलेक्टर ने सुप्रीम कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल कर बताया है कि दीपथून पर दीप क्यों नहीं जलाया जा सका। अब अदालत इस रिपोर्ट पर विचार करेगी। याचिकाकर्ताओं को अवमानना की औपचारिक याचिका दाखिल करने को कहा गया है। इसके बाद मामले में आगे सुनवाई होगी।

वहीं, मद्रास हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली तमिलनाडु सरकार की मुख्य याचिका पर जनवरी 2027 में अंतिम सुनवाई प्रस्तावित है।