☰
×

Zakir Naik के संगठन IRF पर अब राज्यों का शिकंजा, केंद्र ने UAPA के तहत कार्रवाई के दिए अधिकार

 

केंद्र सरकार ने विवादित इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक के संगठन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) के खिलाफ कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया है। अब राज्य सरकारें और केंद्रशासित प्रदेश भी गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत संगठन की वित्तीय संपत्तियों, फंड और परिसरों पर कार्रवाई कर सकेंगे।

गृह मंत्रालय ने 26 नवंबर को इस संबंध में गजट नोटिफिकेशन जारी किया है। इससे पहले केंद्र सरकार ने 13 नवंबर को IRF पर लगा प्रतिबंध अगले पांच साल के लिए बढ़ाने का फैसला किया था।

UAPA की धारा 42 के तहत राज्यों को अधिकार

केंद्र का यह फैसला UAPA की धारा 42 के तहत लिया गया है। इसके जरिए राज्यों को अधिनियम की धारा 7 और 8 के तहत कार्रवाई करने का अधिकार दिया गया है।

धारा 7 के तहत अधिकारी संगठन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले या उसके पास मौजूद फंड, बॉन्ड और अन्य संपत्तियों के लेनदेन पर रोक लगा सकते हैं। इसके अलावा संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों की जांच भी की जा सकेगी।

वहीं, धारा 8 के तहत संगठन की गतिविधियों के लिए इस्तेमाल होने वाले घर, इमारत और अन्य परिसरों को अधिसूचित कर उन पर नियंत्रण किया जा सकता है। ऐसे स्थानों पर लोगों की आवाजाही और वहां मौजूद चल संपत्तियों के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध लगाया जा सकता है।

IRF पर 5 साल के लिए बढ़ाया गया प्रतिबंध

केंद्र सरकार ने 13 नवंबर को UAPA की धारा 3(1) और 3(3) के तहत IRF को गैरकानूनी संगठन घोषित करते हुए उस पर प्रतिबंध अगले पांच साल के लिए बढ़ा दिया था। यह प्रतिबंध 14 नवंबर को समाप्त होने वाला था।

भारत सरकार ने पहली बार 17 नवंबर 2016 को संगठन पर प्रतिबंध लगाया था। उस समय सरकार ने आरोप लगाया था कि IRF की गतिविधियां अलग-अलग धार्मिक समुदायों के बीच नफरत और दुश्मनी को बढ़ावा दे सकती हैं।

ढाका हमले के बाद जांच के घेरे में आया था संगठन

जुलाई 2016 में बांग्लादेश की राजधानी ढाका में एक आतंकी हमला हुआ था। इस घटना में 29 लोगों की मौत हुई थी। जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक ने कथित तौर पर बताया था कि वह जाकिर नाइक के भाषणों से प्रभावित था।

इसके बाद मुंबई पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने भी मामले से जुड़े पहलुओं की जांच की थी। इसी अवधि में भारतीय एजेंसियों ने जाकिर नाइक और उसके संगठन की गतिविधियों की पड़ताल तेज की थी।

2016 से भारत के बाहर रह रहा जाकिर नाइक

महाराष्ट्र में जन्मा जाकिर नाइक साल 2016 में विदेश चला गया था। उसी वर्ष केंद्र सरकार ने उसके संगठन पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बाद से वह मलेशिया में रह रहा है।

2017 में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के अनुरोध पर उसका पासपोर्ट रद्द कर दिया गया था। मई 2017 में भारत ने इंटरपोल से उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की मांग की थी, लेकिन दिसंबर 2017 में शुरुआती अनुरोध स्वीकार नहीं किया गया।

इसके बाद भारतीय एजेंसियों ने अदालत से नया वारंट मिलने पर 3 जनवरी 2018 को दोबारा अनुरोध भेजा। भारत ने 19 जनवरी 2018 को मलेशिया से जाकिर नाइक की अस्थायी गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण की मांग भी की थी।

अब IRF के खिलाफ कार्रवाई का अधिकार राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को मिलने से संगठन की वित्तीय गतिविधियों और परिसरों पर निगरानी तथा कानूनी कार्रवाई का दायरा बढ़ जाएगा।