×

सदन में बिना तैयारी पहुँचीं MLA पर गिरी गाज, मंत्री ने बैठाई जांच; जानें क्या था पूरा मामला?

 

बच्चे बिना होमवर्क के स्कूल पहुंचें तो शिक्षक सवाल करते हैं, लेकिन जब कोई जनप्रतिनिधि बिना पूरी जानकारी के विधानसभा पहुंच जाए तो मामला सीधे सदन में चर्चा का विषय बन जाता है। तमिलनाडु में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की रानीपेट विधायक आई. थाहिरा ने विधानसभा में अपने क्षेत्र की एक फैक्ट्री को प्रदूषण के लिए जिम्मेदार बताते हुए उसे बंद करने की मांग कर दी। बाद में पता चला कि जिस फैक्ट्री का जिक्र किया गया, उसकी रानीपेट में कोई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट है ही नहीं।

मामला प्रश्नकाल के दौरान सामने आया। विधायक ने जेके टायर की फैक्ट्री को लेकर सरकार का ध्यान खींचते हुए कहा कि इससे इलाके में प्रदूषण फैल रहा है। उन्होंने दावा किया कि फैक्ट्री रातभर चलती है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी होती है और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है।विधायक ने सरकार से इस यूनिट को तत्काल बंद करने की मांग तक कर डाली। जनता से जुड़े पर्यावरणीय मुद्दे को विधानसभा में उठाना निश्चित तौर पर जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है, लेकिन यहां समस्या यह थी कि जिस फैक्ट्री पर सवाल उठाया गया, वह रानीपेट में मौजूद ही नहीं थी।

मंत्री ने भी कर दिया जांच का ऐलान

मामला यहीं नहीं रुका। विधायक की शिकायत पर राज्य सरकार के पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री वी. के. राजीव ने फैक्ट्री की जांच और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई की बात कह दी।

उद्योग मंत्री एस. कीर्तना ने भी कहा कि विकास और रोजगार के साथ पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। यानी विधानसभा में एक ऐसी फैक्ट्री को लेकर चर्चा आगे बढ़ गई, जिसकी संबंधित इलाके में मौजूदगी की पुष्टि ही नहीं हुई थी।

विपक्ष ने कराया फैक्ट चेक

इसके बाद विपक्ष ने इस पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पूर्व उद्योग मंत्री और डीएमके नेता टी. आर. बी. राजा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि जेके टायर की एक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट कांचीपुरम जिले में श्रीपेरंबदूर के पास है, लेकिन रानीपेट में जेके टायर की कोई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट नहीं है।

इसके बाद सरकार को भी स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी। उद्योग मंत्री ने कहा कि सत्यापन में रानीपेट में जेके टायर की कोई फैक्ट्री नहीं मिली है। हालांकि, विधायक द्वारा उठाए गए प्रदूषण के मुद्दे की जांच कर यह पता लगाया जाएगा कि वास्तव में इलाके में प्रदूषण फैलाने वाली कोई दूसरी औद्योगिक इकाई तो नहीं है।

सवाल फैक्ट्री का नहीं, होमवर्क का है

यह पूरा मामला एक अहम सवाल खड़ा करता है—क्या विधानसभा में किसी मुद्दे को उठाने से पहले उसकी बुनियादी जानकारी की पुष्टि नहीं होनी चाहिए?

जनता अपने प्रतिनिधियों से उम्मीद करती है कि वे इलाके की समस्याओं को सदन तक पहुंचाएं। लेकिन किसी कंपनी या फैक्ट्री पर गंभीर आरोप लगाने से पहले यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि संबंधित कंपनी या यूनिट वास्तव में उस इलाके में मौजूद है या नहीं।

पहली बार विधायक बनीं आई. थाहिरा के मामले में यही शुरुआती जानकारी सवालों के घेरे में आ गई। पर्यावरण जैसा गंभीर मुद्दा अगर गलत कंपनी या गलत जगह से जोड़ दिया जाए तो असली समस्या भी चर्चा से बाहर रह सकती है।

ऐसा मामला पहले भी चर्चा में आ चुका है

राजनीति में बिना पर्याप्त तैयारी के बयान देने का मामला नया नहीं है। बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा उम्मीदवार और गायिका मैथिली ठाकुर भी एक ऐसे ही सवाल को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में आई थीं।

अलीनगर सीट से चुनाव लड़ते समय जब उनसे क्षेत्र के विकास का 'ब्लूप्रिंट' पूछा गया, तो वह स्पष्ट जवाब देने के बजाय असमंजस में नजर आईं। उन्होंने ब्लूप्रिंट को निजी और गोपनीय बताते हुए कहा था कि वह अभी इसकी योजना बना रही हैं।

उनका जवाब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और इस बात को लेकर सवाल उठे कि चुनाव में जनता के सामने पेश किए जाने वाले विकास के प्लान को निजी कैसे कहा जा सकता है।

हालांकि, जनता ने उन्हें चुनाव जिताकर विधानसभा पहुंचाया। अब उम्मीद यही होगी कि सदन में पहुंचने के बाद जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर पूरी तैयारी और तथ्यों के साथ बात रखें।

क्योंकि विधानसभा में सवाल उठाना अच्छी बात है, लेकिन सवाल पूछने से पहले थोड़ा 'होमवर्क' कर लेना उससे भी जरूरी है।