☰
×

NCP में फूट की अटकलों पर लगा विराम! सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में एकजुट पार्टी, शरद पवार गुट से विलय से किया इनकार

 

महाराष्ट्र की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने पार्टी में फूट की खबरों को खारिज करते हुए एकजुटता का दावा किया है। पार्टी ने साफ कहा है कि वह डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में एकजुट है और NCP (SP) के साथ विलय का कोई सवाल नहीं है। यह बयान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मुलाकात के बाद सामने आया है।

दरअसल, रविवार रात दिल्ली में अमित शाह से NCP के वरिष्ठ नेताओं ने मुलाकात की थी। इस बैठक में सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ पवार व जय पवार शामिल नहीं हुए थे। उनकी गैरमौजूदगी के बाद पार्टी में अंदरूनी मतभेद और नेतृत्व को लेकर राजनीतिक अटकलें तेज हो गई थीं।

अमित शाह से मिले NCP के वरिष्ठ नेता

दिल्ली में अमित शाह से मिलने वालों में प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, दिलीप वलसे पाटिल, छगन भुजबल, हसन मुश्रीफ और धनंजय मुंडे शामिल थे। बैठक ऐसे समय हुई, जब महाराष्ट्र विधान परिषद के हालिया चुनाव में NCP को औरंगाबाद ग्रेजुएट्स सीट पर हार का सामना करना पड़ा। यह सीट पार्टी के पास पिछले 18 साल से थी।

बैठक के बाद वरिष्ठ नेता रविवार देर रात मुंबई लौटे। इसके बाद उन्होंने मंत्री छगन भुजबल के आवास पर बंद कमरे में भी चर्चा की।

वित्त विभाग वापस चाहती है NCP

NCP नेता सुनील तटकरे ने बताया कि अमित शाह के साथ बैठक में महाराष्ट्र के वित्त विभाग का मुद्दा भी उठाया गया था। पार्टी चाहती है कि यह विभाग उसे वापस मिले। हालांकि, विभाग की जिम्मेदारी किसे दी जाएगी, इस पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है।

वित्त विभाग पहले दिवंगत अजित पवार के पास था। उनके निधन के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह विभाग अपने पास रख लिया था। तटकरे ने कहा कि उचित समय आने पर इस मामले में फैसला लिया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी सामूहिक नेतृत्व और आपसी बातचीत के जरिए काम कर रही है। भविष्य में भी नेताओं के बीच संवाद बनाए रखने की कोशिश जारी रहेगी।

कोर कमेटी की बैठक में संगठन और सूखे पर चर्चा

सुनील तटकरे के मुताबिक, कोर कमेटी की बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत करने, महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति और विधायकों की जिम्मेदारियों पर चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि मंगलवार को पार्टी कार्यालय में NCP के सभी विधायकों की बैठक बुलाई गई है।

बैठक में वरिष्ठ नेता शरद पवार के स्वास्थ्य पर भी चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। तटकरे ने कहा कि शरद पवार ने पिछले छह दशकों में महाराष्ट्र और देश के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उमेश पाटिल ने बताई बैठक की पूरी वजह

NCP के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता उमेश पाटिल ने उन खबरों को गलत बताया, जिनमें दावा किया गया था कि दिल्ली की बैठक में सुनेत्रा पवार और राज्यसभा सांसद पार्थ पवार को अलग रखा गया। उन्होंने इन खबरों को बेबुनियाद और भ्रामक करार दिया।

पाटिल के मुताबिक, अजित पवार के निधन के बाद सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार ने पार्टी से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर पहले ही अमित शाह से मुलाकात की थी। उस दौरान सुनेत्रा पवार ने गृह मंत्री को वरिष्ठ नेताओं के प्रतिनिधिमंडल के आने की जानकारी दी थी और उनसे मुलाकात के लिए समय देने का अनुरोध भी किया था।

उन्होंने कहा कि अब इस बैठक को अनावश्यक राजनीतिक रंग दिया जा रहा है और पार्टी में मतभेद व तालमेल की कमी का माहौल बनाने की कोशिश हो रही है।

महायुति में NCP को बताया अहम सहयोगी

उमेश पाटिल ने दोहराया कि NCP महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन का महत्वपूर्ण हिस्सा है और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में पूरी तरह एकजुट है। पार्टी ने NCP (SP) के साथ विलय की चर्चाओं को भी खारिज कर दिया है।

वरिष्ठ नेताओं के बयानों से साफ है कि फिलहाल पार्टी संगठन को मजबूत करने और सरकार में अपनी भूमिका से जुड़े मुद्दों पर ध्यान दे रही है।