☰
×

SIR Protest: बेंगलुरु में आज ध्रुव राठी का प्रदर्शन, फ्रीडम पार्क में CJP का ‘पीपुल्स ट्रिब्यूनल’
 

 

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में SIR यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन को लेकर राजनीतिक और सामाजिक विरोध तेज होता जा रहा है। गुरुवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से फ्रीडम पार्क में प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में यूट्यूबर ध्रुव राठी भी शामिल होंगे। ध्रुव राठी बेंगलुरु पहुंच चुके हैं और उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी है।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी एक वीडियो जारी कर प्रदर्शन में ध्रुव राठी के शामिल होने का संकेत दिया। वीडियो में पहले दीपके लोगों से प्रदर्शन में पहुंचने की अपील करते हैं और इसके बाद ध्रुव राठी नजर आते हैं।
फ्रीडम पार्क में होगा ‘पीपुल्स ट्रिब्यूनल’
CJP के मुताबिक, प्रदर्शन की शुरुआत सुबह 10:30 बजे फ्रीडम पार्क से होगी। कार्यक्रम में ‘पीपुल्स ट्रिब्यूनल’ भी आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान अभिजीत दीपके उन लोगों से बातचीत करेंगे, जिनका दावा है कि उनके नाम वोटर लिस्ट से गलत तरीके से हटाए गए हैं। आयोजकों का कहना है कि इस कार्यक्रम के जरिए SIR से जुड़े लोगों के अनुभव सामने लाने की कोशिश की जाएगी।
प्रकाश राज ने किया था ‘सरप्राइज गेस्ट’ का ऐलान
प्रदर्शन से एक दिन पहले अभिनेता प्रकाश राज ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था। उन्होंने बताया था कि बेंगलुरु के कार्यक्रम में एक खास मेहमान शामिल होने वाला है।
बाद में इस ‘सरप्राइज गेस्ट’ के तौर पर ध्रुव राठी का नाम सामने आया। प्रकाश राज ने लोगों से बड़ी संख्या में फ्रीडम पार्क पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील भी की थी।
CJP का अगला निशाना दिल्ली
बेंगलुरु के बाद CJP ने दिल्ली में भी बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है। संगठन के मुताबिक 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 2 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर कहा था कि अगर CEC इस्तीफा नहीं देते हैं तो देशभर से लोग दिल्ली पहुंचेंगे।
उन्होंने यह भी कहा था कि आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा और अगर पुलिस प्रदर्शनकारियों को रास्ते में रोकती है तो उसी स्थान को विरोध का केंद्र बना दिया जाएगा।
SIR को लेकर चुनाव आयोग पर विपक्ष के सवाल
SIR की प्रक्रिया को लेकर विपक्ष लगातार चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहा है। चुनाव आयोग के भीतर फैसलों को लेकर मतभेद के दावों के बाद भी इस मुद्दे पर राजनीतिक विवाद और तेज हुआ है।
एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने SIR से संबंधित कुछ फैसलों और आदेशों पर रिकॉर्ड में आपत्ति जताई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों अधिकारियों की जानकारी या सिफारिश के बिना कुछ निर्णय जारी किए जाने का दावा किया गया है।
हालांकि इन दावों को लेकर राजनीतिक बहस जारी है और विपक्ष इसी आधार पर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
देशभर में लगातार हो रहे प्रदर्शन
SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ 2 अक्टूबर से 7 अक्टूबर के बीच देश के अलग-अलग हिस्सों में कई प्रदर्शन आयोजित किए गए। विपक्षी दलों के अलावा विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक समूह भी इस मुद्दे को लेकर विरोध दर्ज करा रहे हैं।
अब बेंगलुरु में होने वाला CJP का प्रदर्शन और 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित आंदोलन इस अभियान की अगली कड़ी होंगे। फ्रीडम पार्क के कार्यक्रम में ध्रुव राठी की मौजूदगी को देखते हुए इसके राजनीतिक और सोशल मीडिया प्रभाव पर भी नजर रहेगी।