SIR Protest: कोच्चि में मतदाता सूची संशोधन के खिलाफ CJP का मार्च, प्रकाश राज और अभिजीत दीपके हो सकते हैं शामिल
मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) शनिवार को केरल के कोच्चि में प्रदर्शन करेगी। पार्टी इस प्रक्रिया को वापस लेने की मांग कर रही है। प्रस्तावित मार्च में CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और अभिनेता प्रकाश राज के शामिल होने की संभावना है।
पार्टी के मुताबिक, प्रदर्शन मार्च शाम 4 बजे मरीन ड्राइव से शुरू होकर राजेंद्र मैदान पहुंचेगा। यहां एक जनसभा आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम को ‘जंतर मंतर एट कोच्चि’ नाम दिया गया है।
CJP कार्यकर्ताओं ने बताया कि पार्टी की राष्ट्रीय नेता अफरीन नवाज और दक्षिण भारत प्रभारी विजय रेड्डी मल्लांगी भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। अभिजीत दीपके और प्रकाश राज ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।
पुलिस ने सुरक्षा के किए इंतजाम
कोच्चि सिटी पुलिस की स्पेशल ब्रांच के अधिकारियों के अनुसार, CJP कार्यकर्ताओं ने हाल ही में पुलिस उपायुक्त (DCP) से मुलाकात कर कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की थी।
पुलिस को मार्च शांतिपूर्ण रहने की उम्मीद है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। आयोजन के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
दिल्ली में CJP नेताओं की गिरफ्तारी से जुड़ा मामला
इससे पहले पिछले महीने CJP नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को नई दिल्ली में गिरफ्तार किया गया था। दोनों जंतर मंतर में प्रवेश कर रहे थे। बताया गया कि दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर को प्रदर्शन स्थलों की अधिसूचित सूची से हटा दिया था। इसके बाद वहां प्रवेश करने पर दोनों नेताओं को हिरासत में लिया गया।
वहीं, दिल्ली में पार्टी की ओर से प्रस्तावित तिरंगा मार्च से पहले CJP संस्थापक अभिजीत दीपके को भी हिरासत में लिया गया था। इसके अलावा राष्ट्रीय राजधानी में हुए प्रदर्शनों से जुड़े मामलों में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पार्टी के नेताओं से पूछताछ भी की थी।
कोच्चि में होने वाला यह प्रदर्शन ऐसे समय आयोजित किया जा रहा है, जब SIR को लेकर पार्टी लगातार विरोध जता रही है।