सैम पित्रोदा ने की PM मोदी की तारीफ, बोले- निजी तौर पर बहुत स्नेही और दयालु हैं प्रधानमंत्री; मोदी ने भी दिया जवाब
कांग्रेस नेता और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा के एक बयान ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई मौकों पर आलोचना कर चुके पित्रोदा ने इस बार उनकी व्यक्तिगत तौर पर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि एक इंसान के रूप में वह पीएम मोदी का सम्मान करते हैं और उनके बीच कोई निजी मतभेद नहीं हैं।
पित्रोदा के इस बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रतिक्रिया दी है। पीएम मोदी ने उन्हें और उनकी पत्नी अंजना बेन को दिवाली और नूतन वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए आने वाले साल के आनंदमय और स्वस्थ रहने की कामना की।
'एक इंसान के तौर पर मैं उनका सम्मान करता हूं'
समाचार एजेंसी IANS को दिए इंटरव्यू में सैम पित्रोदा ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों के बारे में बात की। उन्होंने कहा, ''वे मेरे एक गुजराती दोस्त हैं। एक इंसान के तौर पर मैं उनका सम्मान करता हूं। मेरी पत्नी और मैं उनसे मिल चुके हैं। व्यक्तिगत स्तर पर वे बहुत ही स्नेहपूर्ण, दयालु, प्यार करने वाले और ख्याल रखने वाले रहे हैं।''
पित्रोदा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक अच्छे वक्ता हैं और बहुत मेहनती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों के बीच अच्छी बनती है और उनके बीच कोई निजी मतभेद नहीं हैं।
'गुजरात में उनके घर भी कई बार जा चुका हूं'
सैम पित्रोदा ने बातचीत के दौरान यह भी बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनका व्यक्तिगत रिश्ता अच्छा रहा है। उन्होंने कहा कि एक गुजराती नेता, दोस्त या शुभचिंतक के रूप में उन्हें मोदी से कोई शिकायत नहीं है।
पित्रोदा के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने उनके प्रति हमेशा स्नेह दिखाया है और वह इसकी कद्र करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वह गुजरात में पीएम मोदी के घर कई बार जा चुके हैं।
पीएम मोदी ने दिया जवाब, बोले- आने वाला साल आनंदमय हो
सैम पित्रोदा की तारीफ के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, ''आपको सैम भाई और अंजना बेन को दिवाली और नूतन वर्ष अभिनंदन की शुभकामनाएं। आने वाले आनंदमय और स्वस्थ वर्ष के लिए प्रार्थना करता हूं। जय जगन्नाथ।''
प्रधानमंत्री के इस जवाब के बाद दोनों नेताओं के व्यक्तिगत संबंधों को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा होने लगी है।
पहले भी मोदी की आलोचना को लेकर विवादों में रहे हैं पित्रोदा
सैम पित्रोदा इससे पहले कई बार अपने बयानों को लेकर राजनीतिक विवादों में घिर चुके हैं। खासतौर पर भारत के अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों की शारीरिक बनावट को लेकर की गई उनकी टिप्पणी पर काफी हंगामा हुआ था।
उन्होंने कहा था कि भारत के पूर्वी हिस्से के लोग चीनी जैसे, पश्चिमी हिस्से के लोग अरब जैसे, उत्तर के लोग गोरे और दक्षिण के लोग अफ्रीकी जैसे दिखते हैं।
इस बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि देश की पहचान और लोगों की त्वचा के रंग को लेकर ऐसी टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जा सकती।
राजनीतिक मतभेद अलग, व्यक्तिगत सम्मान अलग?
सैम पित्रोदा के ताजा बयान ने एक बार फिर राजनीतिक मतभेद और व्यक्तिगत संबंधों के बीच अंतर को चर्चा में ला दिया है। एक तरफ पित्रोदा कई मुद्दों पर प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों की आलोचना करते रहे हैं, वहीं अब उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर उनके व्यवहार और स्वभाव की तारीफ की है।